4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दौसा

सैनिक कल्याण राज्यमंत्री का पलटवार: राजेन्द्र गुढ़ा बोले, परसादीलाल मीना परिस्थितियों के कांग्रेसी

आचार्य प्रमोद कृष्णन के बयान का भी किया समर्थन

Google source verification

दौसा. सैनिक कल्याण राज्यमंत्री राजेन्द्र गुढ़ा ने रविवार को दौसा डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत में चिकित्सा मंत्री पर पलटवार करते हुए कहा कि परसादीलाल मीना परिस्थितियों के कांग्रेसी हैं। जब परिस्थिति उनके पक्ष में रहती है वे कांग्रेस में रहते हैं और विपरीत होने पर नहीं रहते हैं। कई बार ऐसा हुआ है। पिछली सरकार में वो मंत्री थे तब सभी को पता है कि कैसे चुनाव लड़े थे। हालांकि गुढ़ा ने यह भी कहा कि चिकित्सा मंत्री उनके नजदीक हैं तथा सम्मान करते हैं। परसादीलाल और हम एक जैसे हैं।


गौरतलब है कि दो दिन पहले मंत्री गुढ़ा ने पायलट को सीएम नहीं बनाने पर कार में बैठने लायक ही विधायक जीतने वाला बयान दिया था। इसके बाद परसादीलाल ने कहा था कि जिन्हें कांग्रेस में नहीं रहना है वे ही स्टेटमेंट दे रहे हैं।
वहीं आचार्य प्रमोद कृष्णन के राजस्थान का फैसला लिखा जा चुका है, सिर्फ सुनाना बाकी है वाले बयान पर गुढ़ा ने कहा कि आचार्य कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर के प्रवक्ता है और कांग्रेस आलाकमान तक उनकी पैठ है। ऐसे में आचार्य की बात को तरजीह देनी चाहिए। उन्होंने सब कुछ कह दिया है।


बार-बार क्या कहें
राजस्थान में कांग्रेस की राजनीति के सवालों पर गुढ़ा के तेवर बदले हुए नजर आए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व व सचिन पायलट को सीएम बनाने को लेकर पूछे गए सवालों पर गुढ़ा ने कहा कि इन पर कई बार बातें हो चुकी है। बार-बार क्या कहें, काफी कुछ कह चुके हैं और लिखा भी जा चुका है। वहीं युवा सीएम के सवाल पर गुढ़ा ने मोहनलाल सुखाडिय़ा, दिग्िविजय सिंह, शरद पवार, प्रफुल्ल महंत आदि कई नेताओं के उदाहरण दिए, लेकिन राजस्थान में नेतृत्व के सवाल पर सिर्फ इतना कहा कि यह निर्णय आलाकमान को करना है।


राहुल गांधी की यात्रा से फायदा
राजेन्द्र गुढ़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बड़ी है तथा दलित अध्यक्ष को मौका मिला है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस को निश्चित लाभ मिलेगा। पूरे देश में माहौल बन रहा है। परिवारवाद के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा भाजपा सहित सभी दलों में है और वे इसे गलत नहीं मानते हैं। दो राज्यों में चुनाव को लेकर कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आएगी और गुजरात में कांटे की टक्कर है।


एकजुटता से मिलेगी सत्ता: मुरारी
वहीं कृषि विपणन राज्यमंत्री मुरारीलाल मीना ने राजस्थान में सीएम पद के सवाल पर कहा कि निर्णय आलाकमान को करना है और फैसला सबको मान्य होगा। राजस्थान में कांग्रेस नेताओं के विवादित बयानों पर मुरारी ने कहा कि सबके अपने-अपने विचार हैं। कांग्रेस के वापस सत्ता में लौटने के लिए नेतृत्व पर मुरारी ने कहा कि एकजुटता से ही सत्ता मिलेगी। इससे पूर्व बांदीकुई क्षेत्र के दिलावरपुरा में शहीद की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने दौसा आए मंत्री राजेन्द्र गुढ़ा का मुरारीलाल मीना के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने माला-साफा पहनाकर स्वागत किया।