लालसोट (दौसा). सांसद जसकौर मीना व प्रदेश के उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत झांपदा से एनएच 23 वाया दौलतपुरा और एनएच 23 से किराड़ी वाया देवली श्रीरामपुरा सड़कों के सुदृढीकरण कार्य का शिलान्यास किया। झांपदा ग्राम पंचायत मुख्यालय व लालसोट शहर के देवली मोड़ पर सांसद व उद्योग मंत्री ने विधिवत पूजा अर्चना के बाद शिलान्यायस पट्टिकाओं का अनावरण भी किया। सांसद मीना ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे हमेशा राजनीति से परे हटकर उद्योग मंत्री परसादीलाल मीना के साथ मिल कर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि उन्हे जनवरी माह में लालसोट में जमीन उपलब्ध करा दी जाए, इसी सत्र में यहां केंद्रीय विद्यालय खोल दिया जााएगा, जिससे क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी क्रांति भी आएगी और गरीब प्रतिभावान बालक- बालिकाओं को भी उच्च स्तर के शिक्षण का लाभ मिलेगा।
सांसद की घोषणा के बाद समारोह में मौजूद उद्योग मंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय के शीघ्र ही जमीन उपलब्ध करा दी जाएगी। इससे पूर्व झांपदा व देवली मोड़ पहुंचने पर ग्रामीणों ने दोनो ही जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। लाडपुरा सरपंच कन्हैयालाल ने केंद्रीय विद्यालय के लाडपुरा गांव में भूमि भी देने का प्रस्ताव दिया। पूर्व पालिका अध्यक्ष दिनेश मिश्र, ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जगदीश राड़ा, ईश्वरलाल मीना,भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष दिनेश जोशी, लाडपुरा सरपंच कन्हैयालाल बैरवा, उप सरपंच शारदा शर्मा, निर्झरना सरपंच प्रद्युुम्न सिंह, झांपदा सरपंच प्रीतम सिंह,भाजपा नगर मंडल महामंत्री राजेन्द्र स्वामी, महेश सुकलाव, कंवरपाल मीना, डॉ. मोहनलाल मीना,बंशीलाल जैमन,रविकांत नकवाल समेत कई जने भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अभिनव त्रिपाठी ने किया।