
बजरी माफिया के चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
मंडावर(दौसा). यहां खेडली- कठूमर सड़क मार्ग पर बेखौफ अवैध बजरी खनन माफियाओं द्वारा खनिज विभाग के टीम पर हमला करने से घायल हुए बॉर्डर होमगार्ड की मौत के मामले में पुलिस ने चार नामजद जनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
बॉर्डर होमगार्ड की मौत के मामले को लेकर खनिज विभाग के सर्वेयर विश्राम मीणा ने हितेश कुमार निवासी झोपड़ीन थाना महुवा, विजय मीणा निवासी उकरून्द थाना मंडावर, जमशेद खान व हरसुद्दीन निवासी नांगल मतवा थाना कठूमर को नामजद करते हुए मंडावर पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है।
उन्होंने प्राथमिकी में बताया कि उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशों की पालना में सहायक अभियंता दौसा के निर्देश पर गुरुवार को विश्राम मीणा सर्वेयर, रमेशचंद लोदीवाल खनिज कार्यदेशक, बच्चूसिंह हैड कांस्टेबल, कांस्टेबल प्रताप सिंह, रामदयाल व बॉर्डर होम गार्ड भवानी सिंह के साथ रसीदपुर पुलिस चौकी पहुंचे। जहां से दो पुलिस जवान रविन्द्र व मुकेश मीणा को साथ लेकर बजरी के अवैध खनन व परिवहन की रोकथाम के लिए ग्राम रसीदपुर व धौलखेड़ा पहुंचे।
वहां चेकिंग उपरांत निकट के गांव गोपालगढ़ में पहुंचे। जहां चार ट्रैक्टर- ट्रॉली आते हुए दिखाई दिए। जिनमें बजरी भरी हुई थी। जिन्हें रुकवाकर ट्रैक्टर चालकों से बजरी की रायल्टी सम्बंधित दस्तावेज के बारे में पूछा तो उन्होंने असमर्थता जाहिर कर दी। वाहन चालकों द्वारा अवगत कराया गया कि वे उक्त बजरी को बाणगंगा नदी से भरकर लाए हैं। ऐसे में वाहनों को अवैध बजरी परिवहन करते पाए जाने के कारण मौके पर पंचनामा कर फर्द जब्ती तैयार की गई और वाहनों को मय बजरी के जब्त कर लिया गया।
जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना मंडावर की सुपुर्दगी में देने के लिए बॉर्डर होम गार्ड की सहायता से रवाना किया गया। इस दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से नीचे उतर जाने के कारण मिट्टी में धंस जाने पर इसकी निगरानी के लिए कांस्टेबल प्रताप सिंह एवं रविन्द्र को मौके पर छोड़ा गया तथा टीम द्वारा बॉर्डर होम गार्ड भवानी सिंह व कांस्टेबल मुकेश मीणा व रामदयाल के साथ तीन टै्रक्टरों को मंडावर थाने के लिए रवाना किया। गढ़ हिम्मतसिंह के पास कार में सवार होकर आए और चालक हितेश ने ट्रैक्टर में सवार होमगार्ड भवानी सिंह को ट्रैक्टर से धक्का देकर गिरा दिया और ट्रैक्टर- ट्रॉली को भगा ले गया।
थानाधिकारी लालसिंह राजपूत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जगह जगह दबिश दी जा रही है। लेकिन अभी आरोपी पकड़ से दूर हैं। गौरतलब है कि गुरुवार को खनन माफियाओं ने खनिज विभाग की टीम पर हमला कर जब्त किए गए ट्रैक्टर से बॉर्डर होमगार्ड भवानी सिंह को धक् का देकर नीचे गिराकर हमला कर दिया था, जिसे घायलावस्था में मंडावर चिकित्सालय पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने रैफर कर दिया। दौसा जिला अस्पताल में लाने के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
अधिक सतर्क रहने की जरूरत-कलक्टर
जिला कलक्टर पीयुष समारिया ने जिला अस्पतला पहुंचकर घटना को गंभीर बताते हुए चिंता जताई है। साथ ही जिले में बढ़ते खनन माफिया हमलों को देखते हुए अधिक चौकन्ने व सतर्क रहकर कार्रवाई करने की आवश्यकता बताई है। मामले की विभागीय जांच जारी है।
Published on:
18 Sept 2020 06:56 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
