दौसा. वेट कम करने की मांग को लेकर राजस्थान पेट्रोलियम एसोसिएशन के आह्वान पर जिले में बुधवार को सुबह 10 से शाम 6 बजे तक जिले के सभी पेट्रोल पंप बंद रहे। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अभाव में कई लोग पंपों पर पहुंच गए, लेकिन बंद होने पर निराश लौटना पड़ा। कई लोग पेट्रोल देने की मिन्नत भी करते नजर आए। हालांकि सुबह 10 बजे तक और शाम को 6 बजे बाद पेट्रोल पंप खुलने से अधिकतर लोगों को परेशानी नहीं झेलनी पड़ी। कई लोगों ने आंदोलन को देखते हुए टंकी पूरी भरवा ली। शाम के समय पेट्रोल पंपों पर भीड़ नजर आई।
दौसा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष लोकेश शर्मा ने बताया कि जिले में करीब 140 पेट्रोल पंप है। इन पर करीब चार से साढ़े चार करोड़ तक का कारोबार प्रभावित हुआ है। सरकार को भी राजस्व का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने जो वेट दरों में वृद्धि कर रखी है उससे राजस्थान में पेट्रोल-डीजल अन्य राज्यों के मुकाबले 13 रुपए व 5 रुपए महंगा हो गया है। इसके कारण राज्य के सभी पेट्रोल पंपों पर बिक्री में गिरावट आई है।
दौसा जिले से यूपी, हरियाणा नजदीक होने के कारण जिले के पंपों पर भी असर पड़ रहा है। नेशनल हाइवे 21 पर स्थापित पंप बंद होने के कगार पर हैं। बढ़े हुए वेट से जनता पर भी महंगाई की मार पड़ती है। ऐसे में वेट दर अन्य राज्यों के समान करने की मांग को लेकर पेट्रोलियम एसोसिएशन आंदोलन कर रही है।
सरकार ने हड़ताल समाप्त कराने की अभी कोई पहल नहीं की है। ऐसे में जिले सहित प्रदेश के सभी पंप गुरुवार को भी सुबह 10 से शाम 6 बजे तक बंद रहेंगे। साथ ही डिपो से भी माल नहीं उठाएंगे। यदि सरकार का रवैये फिर भी उदासीन रहा तो 15 सितम्बर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
रस्सी बांधकर आवाजाही रोकी
दिनभर दौसा जिला मुख्यालय समेत जिलेभर के सभी पेट्रोल पंप बंद रहे। ग्रामीण अंचल के लोगों को हड़ताल की जानकारी नहीं होने से वे अपने वाहनों में पेट्रोल-डीजल लेने के लिए इधर-उधर भटकते देखे गए। पंप संचालकों ने रस्सी बांधकर वाहन चालकों की आवाजाही रोकी। हालांकि इमरजेंसी सुविधाओं के लिए छूट दी गई।
कैप्शन- दौसा. शहर के एक पेट्रोल पंप पर दोपहर 12 बजे पसरा सन्नाटा तथा रस्सी लगाकर बंद किया गया प्रवेश।