दौसा. शहर की राजा कॉलोनी स्थित राजराजेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिमा प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज मंंगलवार को कलश यात्रा से हुआ। सुबह नौ बजे कलश यात्रा श्याम मंदिर से प्रारंभ होकर प्रमुख मार्गों से होते हुए राजराजेश्वर मंदिर पहुंची। कलश यात्रा बैंडबाजों के साथ निकाली गई। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुई।
कलश यात्रा के आगे-आगे मुख्य यजमान हनुमान गुप्ता, रामबाबू गुप्ता अरनिया वाले सिर पर पोथी व झण्डा लेकर चल रहे थे।बैंड बाजों की धुन पर कॉलोनी के युवा थिरकते नजर आए। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष व बच्चे इस कलश यात्रा में सम्मिलित हुए। जगह जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि शिव पंचायत, राधाकृष्ण, सीताराम व चौथमाता आदि प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा बुधवार को की जाएगी।
दौसा . श्रीसोमनाथ महादेव मंदिर में आयोजित होने वाली श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ पर वीर हनुमान मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया। कलश यात्रा से पूर्व वीर हनुमान मंदिर में कलश पूजन एवं हवन किया गया।
नगर परिषद अध्यक्ष ममता चौधरी एवं उपाध्यक्ष कल्पना जैमन ने कलश यात्रा को रवाना श्या। आचार्य विष्णु कांत ने स्वागत किया। कलश यात्रा वीर हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर रोडवेज बस डिपो ,जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय , आगरा रोड होते हुए श्रीसोमनाथ महादेव मंदिर पहुंची। इस दौरान जगह जगह पुष्प वर्षा एवं ठंडाई पिलाई गई। सोमनाथ मंदिर के कथा पांडाल में विष्णु शास्त्री ने कहा कि जीवन की धर्म यात्रा भागवत कथा श्रवण के बिना अधूरी होती है। भक्तिगीतों पर उर्मिला देवी मीणा, गीता देवी एवं अन्य महिलाओं ने जमकर नृत्य किया।