दौसा. जिला स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण व शहरी ओलम्पिक खेलकूद प्रतियोगिता के चौथे दिन सोमवार को कई खेलों के सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले हुए। कबड्डी महिला व पुरुष वर्ग में फाइनल जीतकर दौसा ग्रामीण टीम ने दबदबा जमाया। इससे पूर्व सेमीफाइनल में दौसा ग्रामीण ने लवाण ग्रामीण तथा नांगल राजावतान ग्रामीण ने महुवा ग्रामीण को हराया। फाइनल में नांगल ग्रामीण को दौसा ने हरा दिया। इसी तरह महिला वर्ग के सेमीफाइनल में महुवा ग्रामीण ने बांदीकुई तथा दौसा ग्रामीण ने सिकराय ग्रामीण को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। महुवा ग्रामीण को हराकर दौसा ग्रामीण टीम विजय रही।
प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी बृजेश तिवाड़ी के अनुसार शूटिंग बॉल के सेमीफाइनल में बांदीकुई ग्रामीण ने लवाण तथा लालसोट ग्रामीण ने बसवा ग्रामीण को हराया। फाइनल में बांदीकुई ग्रामीण ने लालसोट को पराजित किया। वहीं टेनिस बॉल क्रिकेट पुरुष वर्ग के फाइनल में नांगल राजावतान ग्रामीण ने बांदीकुई शहर को हराया। महिला वर्ग के फाइनल में महुवा ग्रामीण को हराकर दौसा 182 टीम विजयी रही। खो-खो फाइनल में दौसा ग्रामीण ने महुवा ग्रामीण को हराया।
वॉलाबॉल महिला वर्ग के फाइनल में दौसा ग्रामीण ने बांदीकुई ग्रामीण को पराजित किया। रस्साकशी में बैजूपाड़ा ग्रामीण को हराकर सिकंदरा ग्रामीण ने फाइनल जीता। बास्केटबॉल के खिताबी मुकाबले में दौसा 185 को हराकर बांदीकुई शहरी टीम विजयी रही। मंगलवार को फुटबॉल व वॉलीबाल के फाइनल मुकाबले होंगे।