
Photo: AI generated
दौसा। आपके घर में रोटी बाजरे की बनती है या गेहूं की। रेडियाे चलाते हो या टीवी। इंटरनेट के लिए क्या काम लेते हो। चूल्हा गैस से जलता है या लकड़ी से। वाहन कितने हैं? जनगणना-2027 के तहत सरकारी कर्मचारी कुछ इसी प्रकार के सवाल आमजन से करते नजर आएंगे। सरकारी स्तर पर जनगणना की तैयारियां शुरू हो गई है।
जिला स्तर पर जनगणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण फरवरी में शुरू होगा। इसके तहत अतिरिक्त जिला कलक्टर, तहसीलदार और शहरी निकायों के अधिशासी अधिकारियों को दो दिन तथा उनके सहायक कर्मचारियों को तीन दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राज्य स्तर पर अप्रेल के पहले सप्ताह में 103 मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये मास्टर ट्रेनर तीन दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से 1257 फील्ड ट्रेनर तैयार करेंगे। फील्ड ट्रेनर मई के पहले सप्ताह में प्रगणकों और सुपरवाइजरों को तीन दिन का प्रशिक्षण देंगे। इसी दौरान जनगणना कार्य के लिए मोबाइल एप पर लॉगिन आईडी भी जारी की जाएंगी।
-परिवार का मुखिया कौन है?
-भवन में छत व दीवार की निर्माण सामग्री कौन सी है?
-भवन के उपयोग व कमरे कितने हैं?
-परिवार के सदस्य व विवाहित जोड़े कितने हैं?
-भवन का स्वामित्व किसके पास है?
-पेयजल-प्रकाश के स्रोत क्या हैं?
-शौचालय और बाथरूम की उपलब्धता बताओ?
-रसोई व एलपीजी कनेक्शन की उपलब्धता बताओ?
-खाना पकाने का ईंधन कौन सा है?
-कौन सा अनाज खाते हो?
-रेडियो, टीवी और इंटरनेट उपलब्धता है क्या?
-लैपटॉप, कंप्यूटर, टेलीफोन व मोबाइल कितने हैं?
-घर में वाहन कितने हैं?
जनगणना का पहला चरण मकान सूचीकरण एक मई से 14 जून तक होगा। 1 से 15 मई तक लोगों को स्व-गणना का अवसर मिलेगा। 16 मई से 14 जून तक प्रगणक फील्ड में जाएंगे।
Published on:
08 Feb 2026 10:21 am
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
