
हादसे के बाद मौजूद लोग व इनसेट में घायल छात्र पूरब मीणा। फोटो: पत्रिका
कोटा। इन्द्रविहार स्थित देहली नॉनवेज रेस्टोरेंट की इमारत गिरने से जानलेवा हादसा हो गया है। बिल्डिंग ताश के पत्तों की तरह पलभर में धराशायी हो गई। इससे लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला और हादसे के शिकार हो गए। रेस्टोरेंट छोटा होने के कारण कई ग्राहक वेटिंग में थे और बाहर खड़े थे, इस कारण वे बच गए। हालांकि मलबे के गिरने के कारण कई लोगों के चोटें आई हैं। तीन मंजिला रेस्टोरेंट गिरने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पुलिस, नगर निगम, केडीए, आपदा राहत की टीमें मौके पर पहुंची। लोग दबे होने के कारण मशीनें लगाकर मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया। देर रात 1 बजे तक बचाव व राहत कार्य जारी था। रात एक बजे तक दस घायलों को रेस्क्यू कर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। देर रात तक कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, एसपी तेजस्वनी गौतम और जिला कलक्टर पीयूष समरिया भी मौके पर डटे रहे।
इमारत गिरते ही क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। फोन घनघनाते रहे और और लोग घटना की जानकारी लेते रहे तो घटना स्थल पर भी मलबे के ढेर के बीच दबे लोगों की आवाजें आती रही। ढेर के बीच फंसे होने के बावजूद उन्होंने साहस और धैर्य नहीं छोड़ा और वे अंदर से ही मोबाइल से अपनों को सूचित करते रहे कि हम सुरक्षित हैं। लोगों ने बताया कि मलबे के ढेर के बीच गेप होने से भगवान ने इन्हें बचा लिया, लेकिन जब तक उन्हें मलबे के ढेर से सुरक्षित नहीं निकाला गया, लोगों की सांसें अटकी रही।
प्रत्यक्षदर्शी घायल छात्र पूरब मीणा ने बताया कि वह दोस्तों के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे, लेकिन पहले से वेटिंग चल रही थी। इस कारण हम दोस्त रेस्टोरेंट के बाहर खड़े होकर इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान रेस्टोरेंट के अंदर से अचानक किसी ने जोर से चिल्लाते हुए कहा- भागो-भागो, बिल्डिंग गिर रही है। संभल पाते, उससे पहले ही बिल्डिंग धड़ाम से गिर गई। घटना का पल बेहद डरावना था। ऐसा महसूस हुआ जैसे भूकंप आ गया हो। एक तेज़ झटका लगा और पत्थर आकर मेरे ऊपर गिरा। इस अफरा-तफरी में कई लोग घायल हुए। किसी के कंधे में चोट आई, तो एक बुज़ुर्ग अंकल की पैर की हड्डी टूट गई।
Updated on:
08 Feb 2026 08:01 am
Published on:
08 Feb 2026 08:01 am
