6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कथित रूप से वसूली का वीडियो वायरल होने पर परिवहन महकमे में मची खलबली

दौसा कलक्ट्रेट चौराहे का मामला

2 min read
Google source verification

दौसा

image

Mahesh Jain

Dec 28, 2020

कथित रूप से वसूली का वीडियो वायरल होने पर परिवहन महकमे में मची खलबली

कथित रूप से वसूली का वीडियो वायरल होने पर परिवहन महकमे में मची खलबली

दौसा. शहर के कलक्ट्रेट चौराहे पर परिवहन दस्ते के एक गार्ड द्वारा ट्रक चालकों से कथित रूप से अवैध वसूली का वीडियो सोमवार को वायरल हुआ। वीडियो में रात के समय एक गार्ड बेरिकेट्स पर कतार में लगे एक-एक ट्रक को डण्डा दिखाकर रोक रहा है तथा कुछ लेने के बाद जेब में रखकर जाने दे रहा है। वीडियो बनाने वाला बोल भी रहा है कि दौसा कलक्ट्रेट चौराहे पर खुलेआम लूट हो रही है।

वीडियो के वायरल होने के बाद परिवहन महकमे में खलबली मच गई। विभाग की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में आ गई। गत दिनों निरीक्षण करने आए संभागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा ने परिवहन कार्यालय जाकर गश्ती दल को ईमानदारी से कार्य करने की हिदायत भी दी थी। ऐसे में अब वायरल वीडियो ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इधर, वीडियो वायरल होने के मामले पर जिला परिवहन अधिकारी संजीव भारद्वाज ने बताया कि उडऩदस्ते द्वारा राजस्व वसूली के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। रात्रि में 15 चालान कर 56 हजार की रिकवरी की है। वीडियो में स्पष्ट नहीं है कि कोई लेन-देन है। रसीद दिखाने वाली बात है। गार्ड व संबंधित निरीक्षक से पूछताछ की जा रही है। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी सामने आए हैं मामले
परिवहन विभाग पर पूर्व में भी अवैध वसूली के आरोप लगते रहे हैं। चार माह पूर्व 21 अगस्त को कलक्ट्रेट चौराहे पर ही कथित तौर पर अवैध वसूली का आरोप लगाकर ट्रक चालकों द्वारा परिवहन कर्मियों की पिटाई करने का भी वीडियो वायरल हुआ था। तब परिवहन निरीक्षक ने कोतवाली पुलिस थाने में मामला भी दर्ज कराया था। पीजी कॉलेज के समीप रात को कांग्रेस नेताओं व परिवहनकर्मियों के बीच अवैध वसूली के आरोप को लेकर हुई बहस का वीडियो भी 27 जनवरी 2019 को वायरल हुआ था। 29 दिसम्बर 2019 को भी कलक्टे्रट चौराहे पर ट्रक चालकों से वसूली का वीडियो सामने आया था। 3 मार्च 2020 को आरटीओ कर्मियों पर राशि नहीं देने पर ट्रक चालकों से मारपीट करने का वीडियो वायरल हुआ था।