लालसोट(दौसा). लालसोट थाने की हवालात में आत्महत्या करने वाले युवक के साले ने गुरुवार देर रात को जगतपुरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। सूचना पर जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के पास मिले सुसाइड नोट को बरामद किया। सुसाइड नोट में लिखा था कि मुझसे गलती हो गई। पुलिस ने मृतक की पहचान सवाईमाधोपुर के नारौलीचौड़ निवासी धर्मेंद्रकुमार मीणा (29) के रूप में की। पुलिस के सामने आया कि धर्मेंद्र कुमार के जीजा मनोज मीणा निवासी बूडला महाराजपुरा ने दो दिन पहले ही लालसोट थाने की हवालात में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मनोज 10 अप्रेल को गुजरात से भांजे लोकेश के साथ ट्रेन में घर के लिए रवाना हुआ था, लेकिन 11 अप्रेल को लोकेश घर नहीं पहुंचा तो उसके भाई कुंजीलाल मीना ने लालसोट थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में मामा मनोज उसके साले धर्मेंद्र और अन्य लोगों के खिलाफ भाई लोकेश का अपहरण करने का आरोप लगाया।