19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

युवा हाथों में होगा सत्ता का भविष्य, 52.19 प्रतिशत मतदाताओं की उम्र 18 से 40 के बीच

दौसा जिले में 4 साल में बढ़े कुल 1.41 लाख मतदाता

2 min read
Google source verification

गौरव खण्डेलवाल

दौसा. राजस्थान के विधानसभा चुनाव में अब करीब एक साल है। राजनीतिक दलों ने चुनाव मैदान में उतरने की तो निर्वाचन आयोग ने चुनाव कराने की तैयारियों की प्रक्रिया अंदरखाने शुरू कर दी है। राजनीतिक दल बूथ लेवल पर टीम बना रहे हैं, वहीं निर्वाचन आयोग मतदाता सूचियों को तैयार कर रहा है। वर्तमान में मतदाताओं की आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि आगामी चुनाव में सत्ता की चाबी युवा हाथों से होकर ही गुजरेगी। एक तरफ जहां मतदाताओं की संख्या में काफी इजाफा हुआ है, वहीं युवाओं ने भी बड़ी संख्या में मतदाता सूची में नाम लिखाने में भागीदारी निभाई है।


जिले में वर्ष 2013 विधानसभा चुनाव के दौरान पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 9 लाख 28 हजार 114 मतदाता थे, अब 10 लाख 70 हजार 11 मतदाता हो गए हैं। करीब चार वर्षमें 1 लाख 41 हजार 897 मतदाता बढ़ गए हैं। खास बात यह है कि वर्तमान में 5 लाख 58 हजार 451 मतदाता युवा हैं, जिनकी उम्र 18 से 40 वर्ष के बीची है। कुल मतदाताओं के हिसाब से 52.19 मतदाता युवा हैं। ऐसे में स्पष्ट है कि राजनीतिक दलों को युवाओं के मन को जीतना होगा, तब ही कुर्सी पर काबिज हुआ जा सकता है।


6 माह में बढ़े 85 हजार 263 मतदाता


इस वर्ष जनवरी में मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया गया तब 9 लाख 84 हजार 748 मतदाता थे। छह माह में बढ़कर 31 जुलाई तक यह संख्या 10 लाख 70 हजार 11 हो गई है। इस अवधि में मतदाताओं की संख्या में 8.65 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। सबसे ज्यादा सिकराय में तथा सबसे कम दौसा विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या बढ़ी हुई है।


महिलाओं ने बाजी मारी


लोकतंत्र के महोत्सव में एक अच्छी तस्वीर यह सामने आई है कि इस वर्ष नए बढ़े मतदाताओं में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या ज्यादा है। गत छह में जहां 39 हजार 589 पुरुष मतदाता बढ़े हैं, वहीं महिलाओं की संख्या 45 हजार 672 है। महिलाओं की संख्या 6 हजार 83 अधिक रही।


अभियानों से बढ़े मतदाता


जिले में मतदाताओं की संख्या बढऩे का प्रमुख कारण चुनाव आयोग की ओर से बार-बार में विशेष अभियान चलाकर मतदाताओं का नाम सूची में जोडऩा है। खासकर इस वर्ष 1 से 28 फरवरी तक युवा पंजीकरण महोत्सव चलाया गया। इसमें युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में बूथ लेवल पर जोड़ा गया। इसके बाद 1 से 31 जुलाईतक वृहद मतदाता पंजीकरण अभियान चला।


चुनावी वर्ष में और होगी बढ़ोतरी


आगामी वर्ष में मतदाताओं की संख्या में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग अभियान चलाकर मतदाताओं का नाम जोड़ेगी। सूची का शुद्धिकरण भी होगा। वहीं राजनीतिक दल भी मतदाताओं का नाम जुड़वाने के लिए जोर लगाएंगे। ऐसे में उम्मीद है कि वर्ष 2018 में मतदाताओं की संख्या अच्छी-खासी बढ़ेगी।


चुनाव आयोग के अभियानों में जिले की टीम ने मेहनत कर मतदाताओं के नाम जोड़े। इसका अच्छे परिणाम आए। मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 30 अक्टूबर को होगा।
राजवीर सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर, दौसा