11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अदभुत : यहां सड़क पर उतर आए रावण, मेघनाद, अतिकाय सहित 16 राक्षस योद्धा

अल्मोड़ा में दशहरा पर्व पर रावण, कुंभकर्ण, मेघनाद, ताड़का सहित तमाम बड़े राक्षसों के पुतलों को नगर में घुमाकर उनका दहन किया गया। देश-विदेश के हजारों लोग इस अनूठी परंपरा के साक्षी बने।

2 min read
Google source verification
dussehra_festival_almora.jpg

दशहरा पर्व पर उत्तराखंड के अल्मोड़ा में रावण परिवार के पुतलों को नगर में घुमाया गया

उत्तराखंड के अल्मोड़ा और हिमाचल के कुल्लू का अनूठा दशहरा महोत्सव पूरे देश में विख्यात है। अल्मोड़ा में दशहरे पर रावण कुल के पुतलों को नगर में घुमाने की प्राचीन परंपरा है। इस बार दशहरे में रावण सहित उसकी सेना के करीब 16 योद्धाओं के पुतलों को शोभायात्रा के बीच बाजार में घुमाया गया। देर शाम एसएसजे परिसर के जंतु विज्ञान के मैदान में रावण कुल के पुतले धूं-धूं कर जल उठे। राक्षस कुल के पुतले दहन होते ही समूचा क्षेत्र जय श्रीराम के उदघोष से गूंज उठा।

कई कमेटियां बनाती हैं पुतले
अल्मोड़ा के प्रसिद्ध दशहरा महोत्सव में विभिन्न मोहल्लों में पुतला कमेटियों की ओर से रावण परिवार के पुतले तैयार किए जाते हैं। मोहल्लों में राक्षसों के पुतले बनाने का सिलसिला दशहरे से करीब एक पखवाड़ा पूर्व से शुरू हो जाता है। इस प्रकार के आकर्षक पुतले देश में कहीं और नहीं बनाए जाते हैं।

शिखर तिराहे पर हुआ शुभारंभ
मुख्य अतिथि संस्कार सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष वरिष्ठ रंगकर्मी प्रकाश बिष्ट ने महोत्सव का शुभारंभ किया। अति विशिष्ट अतिथि सांसद अजय टम्टा, विधायक मनोज तिवारी, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, विशिष्ट अतिथि पूर्व पालिकाध्यक्ष शोभा जोशी रहीं। समिति के अध्यक्ष अजीत सिंह कार्की ने सभी का आभार जताया।

पुतले देखने को उमड़ी भीड़
अल्मोड़ा के दशहरा महोत्सव को देखने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग शोभा यात्रा में शामिल राम दल पर पुष्पवर्षा कर रहे थे। कई विदेशी भी इस पल के साक्षी बने। वह लोग बड़े-बड़े कैमरों में इस पल को कैद करते दिखाई दे रहे थे।

दशहरे में ये पुतले किए गए थे शामिल
दशहरे में लाला बाजार से रावण, नंदा देवी से अहिरावण, चौक बाजार से कालकासुर, कारखाना बाजार से अक्ष कुमार, हुक्का क्लब से ताड़का, थाना बाजार से दूषण, मायांतक, मेघनाद, राजपुर से देवांतक, कुंड, अतिकाय, मकरासुर, चौघानपाटा से खर, नरसिंहबाड़ी से त्रिसरा, ऑफीसर कॉलोनी से वीरथ, धार की तूनी से मायासुर का पुतला शामिल किया गया था।


कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में दशहरा महोत्सव समिति के सह संयोजक कृष्ण बहादुर, मनोज वर्मा, सुनील जोशी, उपाध्यक्ष अशोक पांडे, दीपक साह, संजय साह रिक्खू, उप सचिव शरद अग्रवाल, सूरज वाणी, उज्ज्वल जोशी, कोषाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, सांस्कृतिक संयोजक मनोज जोशी, सह संयोजक नीरज बिष्ट, दीपक कुमार, सोशल मीडिया प्रभारी हर्षित टम्टा, सलमान अंसारी, प्रचार-प्रसार प्रमुख आशीष गुरुरानी, हितेश नेगी आदि मौजूद रहे।