18 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चारधाम यात्रा : ऑफलाइन पंजीकरण भी शुरू, रात में पहाड़ी रूट पर नहीं चलेंगे यात्री वाहन

Chardham Yatra 2026 : चारधाम यात्रा कल यानी अक्षय तृतीय से शुरू हो रही है। चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण भी शुरू हो चुके हैं। चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए सरकार ने पहाड़ी मार्गों पर रात के समय वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं।

2 min read
Google source verification
Offline registration for Chardham Yatra has started in Uttarakhand

चारधाम यात्रा कल से शुरू हो रही है

Chardham Yatra 2026 : चारधाम यात्रा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही कल यानी रविवार से उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलते ही चारधाम यात्रा पूर्ण रूप से शुरू हो जाएगी। यात्रा को सुगम बनाने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है। इसके तहत रात 10 से सुबह चार बजे के बीच पहाड़ी मार्गों पर यात्री वाहन चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परिवहन उपायुक्त शैलेश तिवारी ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्गों पर छह परिवहन चेक पोस्ट बनाई गई हैं। नौ सचल दस्ते यात्रा रूटों पर नियमित गश्त करेंगे। यात्रा के दौरान मोबाइल फोन के प्रयोग, मोड़ पर ओवरटेक और ओवर स्पीडिंग करना सख्त वर्जित होगा। तय मानकों के पालन की सतत निगरानी की व्यवस्था भी की है। तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर इस बार यात्री वाहनों को ट्रैवल किट दी जा रही है। इसमें डस्टबिन बैग, सैनेटाइजर, वोमेटिंग-यूरिनल बैग के साथ वेट वाइप्स होंगे। यात्रियों के लिए सलाह दी गई है कि वे दवा, गर्म कपड़े व बरसाती साथ रखें। चिकित्सीय मदद को 108 व पुलिस सहायता को 112 टोल-फ्री नंबर पर फोन कर सकते हैं।

18.41 लाख रजिस्ट्रेशन

चारधाम यात्रा के लिए कई दिन पहले ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई थी। अब तक 18.41 लाख श्रद्धालु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।  पर्यटन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अब तक 18 लाख 41 हजार 142 लोगों ने चारधाम दर्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। सर्वाधिक रजिस्ट्रेशन केदारनाथ के लिए हुए हैं। यहां अब तक छह लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन के लिए रजिट्रेशन कराया है।

पहले दिन 2600ऑनलाइन आवेदन

चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन के साथ ही ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। पहले दिन करीब 1600 से अधिक श्रद्धालुओं ने ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराए। शुक्रवार को ऋषिकेश में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हुए। पहले दिन 1,600 से अधिक यात्रियों ने चारधाम की यात्रा के लिए पंजीकरण कराया। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में भी चारधाम यात्रा रजिस्ट्रेशन शिविर लग गए हैं। वहां पहले दिन 1043 यात्रियों ने ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराया। डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत भुल्लर ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इधर, देहरादून के हरबर्टपुर और नया गांव के पंजीकरण केंद्रों पर शुक्रवार को किसी श्रद्धालु ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण नहीं कराया। ऋषिकेश में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए चारधाम ट्रांजिट केंद्र और यात्रा बस अड्डे पर काउंटर सुबह पांच बजे खोल दिए गए हैं। सात बजे के बाद यात्री भी रजिस्ट्रेशन के लिए कांउटरों पर जुटने शुरू हो गए। यात्रियों के लिए कुर्सियां लगाई गईं थीं। वहीं, ट्रांजिट केंद्र में यात्रियों के विश्राम के लिए टेंट की व्यवस्था भी थी।