10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीएम सहित तमाम नेता दिल्ली में डटे, मंत्रिमंडल  विस्तार की अटकलें तेज, दावेदारों की बढ़ी धड़कनें

Speculations About Cabinet Expansion : सीएम सहित तमाम मंत्री और विधायक दिल्ली में डटे हुए हैं। इसे देखते हुए राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज होने लगी हैं। इससे मंत्री पद की दौड़ में शामिल दावेदारों की धड़कनें भी तेज हो गई हैं।

2 min read
Google source verification
Amidst the cabinet expansion in Uttarakhand, the Chief Minister and several BJP leaders are stationed in Delhi

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से भेंट की। फोटो सोर्स सूचना विभाग

Speculations About Cabinet Expansion : सीएम सहित तमाम नेताओं के दिल्ली दौरे को देखते हुए राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं। उत्तराखंड के विधायकों की दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकातों ने बीते अगस्त से चल रही, मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं को फिर हवा दे दी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर मुख्यमंत्री के साथ ही सरकार-संगठन के अधिकांश बड़े नेता दिल्ली में डेरा हुए हैं। इस बीच, सोमवार को रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, सल्ट विधायक महेश जीना और पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने बारी-बारी से मुख्यमंत्री से भेंट की। इन सभी ने सीएम के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया पेज पर इन मुलाकातों के फोटो अपलोड होते ही उत्तराखंड के सियासी माहौल में गरमी आ गई। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने बीते अगस्त में मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत दिए थे। उसके बाद ये मामला बार-बार अटकता रहा। माना जा रहा है कि अब मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर निर्णय ले सकते हैं।

पांच सीटें चल रही खाली

उत्तराखंड कैबिनेट में पांच सीटें लंबे समय से खाली चल रही हैं। हालांकि तीन पद वर्ष 2022 से रिक्त रखे गए थे। पर बाद में चंदनराम दास के निधन और प्रेमचंद्र अग्रवाल के इस्तीफे की वजह से रिक्त पदों की संख्या पांच हो गई। नियमानुसार राज्य में मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट में अधिकतम 12 सदस्य हो सकते हैं। उधर, उत्तराखंड भाजपा के बड़े नेता सोमवार को भाजपा अध्यक्ष की चयन प्रक्रिया में शामिल हुए। इनमें मुख्यमंत्री धामी के साथ, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, प्रदेश के काबीना मंत्री सतपाल महाराज, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, नैनीताल सांसद अजय भट्ट भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इनके साथ ही विधायक बंशीधर भगत, मदन कौशिक, बिशन सिंह चुफाल, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल, विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत आदि शामिल हुए।

प्रदेश प्रवक्ता बोले, शीर्ष नेतृत्व लेगा फैसला

उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और राजपुर विधायक खजानदास ने बताया कि वर्तमान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी की प्रदेश इकाई के तमाम बड़े नेता, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन में भागीदारी के लिए दिल्ली में हैं। सोमवार को सभी का फोकस उसी पर रहा। रही बात मंत्रिमंडल विस्तार की तो यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। जब उन्हें उचित लगेगा, वो शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार उचित निर्णय लेंगे। खजानदास ने कहा, प्रदेश सरकार जनसेवा में समर्पित होकर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा राज्य में विजय की हैट्रिक लगाते हुए इतिहास रचेगी।