गृह विज्ञान संकाय में कंचन बडोदिया ने प्रदेश में किया टॉप...
देवास. गुरुवार को जारी हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल (mpbse) के 12वीं बोर्ड के रिजल्ट में छोटे जिलों के बच्चों ने माता-पिता के सपनों को पूरा करते हुए लंबी उड़ान भरी। तमाम चुनौतियों के बावजूद सफलता की नई कहानी लिखने वाले इन बच्चों में से एक है देवास जिले के कन्नौद विकासखंड के गांव बड़ीकराड़ की कंचन बडोदिया। कंचन ने कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई करते हुए पूरे प्रदेश में टॉप किया है। कंचन के पिता मजदूर हैं और दूसरे के खेतों में काम करते हैं।
मजदूर पिता की टॉपर बिटिया
कन्नौद के शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल में पढ़ने वाली कंचन बडोदिया ने कक्षा 12वीं में ललित कला गृह विज्ञान संकाय में 460अंक प्राप्त करके प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। कंचन के पिता दिनेश बड़ोदिया लोगों के यहां खेतों में मजदूरी करते हैं। जब बेटी की सफलता का ऐलान हुआ तब भी कंचन के पिता और मां मजदूरी करने के लिए गए हुए थे। कंचन ने बताया कि उसका जब मन हुआ तब पढ़ाई की, किसी तरह की बाध्यता मम्मी-पापा ने पढ़ाई में नहीं रखी और न ही कभी कोई कमी आने दी। कंचन ने बताया कि वो शिक्षिका बनना चाहती है। कंचन वर्तमान में इंदौर में रहकर कंप्यूटर कोर्स कर रही है।
किसान की बेटी ने रोजाना 14 घंटे पढ़ाई कर बनाई प्रदेश में आठवीं रैंक
वहीं देवास जिले के दूरस्थ अंचल जामनेर में रहने वाली किसान की बेटी जया गुर्जर ने संदलपुर के निजी स्कूल से कक्षा 12वीं वाणिज्य संकाय में पढ़ाई करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में 472 अंकों के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया है। जया के पिता भारत गुर्जर किसान हैं जबकि माता चिंता गुर्जर हाउस वाइफ हैं। तीन बहनों व एक भाई में दूसरे नंबर की बेटी जया ने स्कूल व घर पर करीब 12-14 घंटे औसत पढ़ाई रोजाना की। हालांकि उनको 480 के ऊपर अंक आने की उम्मीद थी। जया बैंक मैनेजर बनना चाहती हैं और इंदौर जाकर इसके लिए तैयारी करेंगी। जया ने बताया अच्छे दोस्त बनाएं, ग्रुप स्टडी करें और इंटरनेट का उपयोग पढ़ाई के लिए करें, इधर-उधर के लिए नहीं। पढ़ाई के दौरान बीच-बीच में ब्रेक जरूर लें।
देखें वीडियो- किसान के बेटे ने साइंस समूह में एमपी में किया टॉप