
तार फेंसिंग काटकर, ताला तोडक़र स्कूल से पारदी महिलाओं, नाबालिग लड़कियों ने चुराया सामान
देवास. राजोदा रोड पर एक जगह तार फेंसिंग काटकर फिर ताला तोडक़र एक निजी स्कूल के स्टोर में घुसकर प्रिंटर, पानी की मशीन व अन्य सामान पर दिनदहाड़े हाथ साफ करने वाली पारदी गैंग की दो महिलाओं व दो नाबालिग लड़कियों को लोगों ने रंगे हाथ शनिवार सुबह पकड़ लिया। इनके पास से करीब 25 हजार रुपए का सामान बरामद किया गया। महिलाएं व लड़कियां मूल रूप से आष्टा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही हैं।
नाहर दरवाजा थाना टीआई प्रदीप राय ने बताया महिलाएं व लड़कियां जब चोरी करके जा रही थीं तब वहां के चौकीदार ने देखकर आवाज लगाई, बाद में आसपास मौजूद लोगों ने उनको पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी गई। आरोपी लड़कियों की उम्र 13 व 14 साल है। मामले में धारा 454, 380 के तहत केस दर्ज किया गया है। यह बात भी सामने आई है कि उक्त स्कूल में पूर्व में भी चोरी की वारदात हो चुकी है।
खुद के या किसी अन्य के बच्चे को रुलाकर भटकाते हैं ध्यान
टीआई राय ने बताया प्रारंभिक पूछताछ में यह पता चला है कि इन महिलाओं द्वारा या तो अपने या किसी अन्य के छोटे बच्चे को रुलाकर लोगों का ध्यान भटकाया जाता है और फिर मौका पाकर वारदात कर दी जाती है। महिलाओं व लड़कियों द्वारा अन्य जगह वारदात करने के बारे में पूछताछ की जा रही है।
रुपयों की मांग कर पीटा, चाकू से धमकाया
देवास. आवासनगर से लगी तुलजा विहार कॉलोनी में एक व्यक्ति से रुपयों की मांग करते हुए तीन आरोपियों ने मारपीट की और चाकू से धमकाया। बीएनपी पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार रात की है। मामले में फरियादी कमल सिंह की शिकायत पर आरोपी हर्ष पाठक, दिग्विजय सिंह, आशुतोष पांडे के खिलाफ 294, 323, 327, 34 सहित आम्र्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
Published on:
20 Aug 2023, 1:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.