23 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रोमांच के 20 मिनट: जब ‘टाइगर’ ने थाम दी जंगल सफारी की रफ्तार

पर्यटकों के सामने मार्ग पर आकर बैठा बाघ, कैमरों में कैद हुआ अद्भुत पल

less than 1 minute read
Google source verification
रोमांच के 20 मिनट: जब ‘टाइगर’ ने थाम दी जंगल सफारी की रफ्तार

रोमांच के 20 मिनट: जब ‘टाइगर’ ने थाम दी जंगल सफारी की रफ्तार

देवास. जंगल की खामोशी, सुबह की हल्की धूप और सफारी पर निकले पर्यटकों की उत्सुक नजरें तभी घास के झुरमुट से शान से निकलता ‘युवराज’। रविवार सुबह खिवनी अभयारण्य में ऐसा ही रोमांचक दृश्य देखने को मिला, जब बाघ ‘युवराज’ पर्यटकों के सामने मार्ग पर आकर बैठ गया। करीब 20 मिनट तक जंगल का यह राजा रास्ते पर विराजमान रहा। पर्यटक अपने वाहनों को सुरक्षित दूरी पर रोककर इस दुर्लभ नजारे को निहारते रहे।

घास से निकलकर सीधे मार्ग पर

सुबह लगभग 7 बजे भोपाल से आए पर्यटक जंगल भ्रमण पर थे। तभी घास वाले क्षेत्र से अचानक बाघ युवराज निकला और पर्यटक मार्ग पर आकर बैठ गया। कुछ देर वह शान से बैठा रहा, फिर आराम से सडक़ पर लेट गया—मानो जंगल सफारी का संचालन वही कर रहा हो। वाहनों के इंजन बंद हो गए, कैमरे ऑन हो गए और सांसें थम सी गईं।

कैमरों में कैद हुआ ‘जंगल का राजा’

रेंजर भीमसिंह के अनुसार, बाघ युवराज कुछ देर तक पर्यटकों की ओर देखता रहा। उसके आत्मविश्वास भरे अंदाज ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। लगभग 20 मिनट बाद वह उठकर धीमे कदमों से वापस घनी घास में ओझल हो गया। पर्यटकों ने इसे जीवन का यादगार और रोमांचकारी अनुभव बताया।

बढ़ रहा है वन्य पर्यटन का आकर्षण

खिवनी अभयारण्य में इन दिनों वन्यजीवों की सक्रियता बढ़ी हुई है। बाघ युवराज की इस झलक ने पर्यटकों के उत्साह को दोगुना कर दिया है। वन विभाग का कहना है कि पर्यटक सुरक्षा नियमों का पालन करें और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। जंगल के इस अप्रत्याशित ‘दरबार’ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वन्यजीवन का असली रोमांच वहीं मिलता है, जहां प्रकृति अपनी शर्तों पर सामने आती है।