
हाइवे पर चोरों का पहरा: चलते कंटेनर से 4.52 लाख रुपए के पार्सल बैग चुरा ले गए बदमाश
देवास/खातेगांव. इंदौर-बैतूल हाइवे पर करीब 7 पुलिस थानों, दो-दो पुलिस चौकियों व सहायता केंद्रों की सीमा में पुलिस के द्वारा रात्रि गश्त करने के दावों के बीच बदमाश चुनौती दे रहे हैं। चलते व खड़े वाहनों से कटिंग करके लाखों रुपए के माल पर हाथ किया जा रहा है, अधिकांश वारदातों का खुलासा नहीं हो पा रहा है। एक और वारदात संदलपुर क्षेत्र की सामने आई है जहां चलते कंटेनर से बदमाशों ने करीब 4.52 लाख रुपए कीमती एक दर्जन से अधिक पार्सल बैग पर हाथ साफ कर दिया। मामले में खातेगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू की है। संबंधित क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं जिससे चोरों का कुछ सुराग मिल सके।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को फरियादी पंकज पिता मुकेश प्रजापति निवासी ग्राम टोंककला देवास ने आवेदन दिया। इसमें उल्लेख है कि मैं आदित्य सर्विसेस ब्रांच क्षिप्रा देवास में निलेश सेन पिता घनश्याम सेन निवासी 197 एलआईजी मुर्खजी नगर देवास के अधीन सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हूं। आदित्य सर्विसेस ब्रांच क्षिप्रा देवास के कंटेनर (एमपी09जीजी9470) से 8 अगस्त को शिप्रा से फ्लिपकार्ट कंपनी का माल लोड करके रसूलपुर बायपास पर पेट्रोल पंप पर डीजल डलवाकर खातेगांव के लिए रवाना हुआ। खातेगांव स्थित डिलेवरी स्टेशन अजनास रोड पर जाकर खातेगांव का माल उतारा। वहां से पुन: माल रखकर हरदा के लिए रवाना हुआ। हरदा जाते समय रात करीब एक बजे खातेगांव में नेमावर रोड पर गुरुकृपा रेस्टोरेंट पर चाय पी, उसके बाद करीब 01.15 बजे गुरुकृपा से निकलने के बाद थोड़ी दूर आगे पहुंचने पर मुझे व हेल्पर रवि को आभास हुआ कि अज्ञात लोगों द्वारा वाहन पर चढक़र माल उतारने की कोशिश की जा रही है। डर के कारण वाहन नहीं रोका और तेज गति से वाहन सीधे हरदा स्थित डिलेवरी स्टेशन पर वाहन ले जाकर रोका, वहां देखा तो वाहन की सील कटी हुई थी और वाहन के अंदर पाइप लाक भी नहीं मिला। साथ ही वाहन के अंदर से 13 बैग एवं 02 पार्सल पैकेज जिनकी कीमत करीब 4.52 लाख रुपए थी, वो चोरी हो गए थे।
9 से 23 अगस्त तक करते रहे सामान की तलाश
फरियादी ने पुलिस को बताया कि गुरुकृपा रेस्टोरेंट के बाद खातेगांव और संदलपुर के बीच किसी अज्ञात बदमाश ने चोरी की है। 9 से 23 अगस्त तक सामान की तलाश की लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला है। मेरे गाड़ी मालिक निलेश सेन एवं चोरी गए माल का जीएसटी वाले बिल साथ में लेकर फिर शिकायत दर्ज करवाई।
वर्जन
मामले में केस दर्ज कर जांच चल रही है। इंदौर-बैतूल हाइवे पर पुलिस की सामान्य गश्त के अलावा हाइवे पेट्रोङ्क्षलग भी हो रही है। इसे और प्रभावी बनाने और कटिंग करने वालों की धरपकड़ के लिए कदम उठाए जाएंगे।
-आकाश भूरिया, एएसपी ग्रामीण देवास।
एक पखवाड़े में एबी रोड, भोपाल रोड पर चार वारदातें
उधर एबी रोड, भोपाल रोड पर वाहनों से कटिंग करने वालों की सक्रियता सबसे ज्यादा है। शहर से बाहर ही नहीं बायपास भी कई वारदातें को चुकी हैं। पिछले एक पखवाड़े में एबी रोड व भोपाल रोड पर वाहनों की तिरपाल व लॉक काटकर चार वारदातें हो चुकी हैं।
Published on:
25 Aug 2023, 1:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.