
पीएमश्री के लिए चयनित 10 सरकारी स्कूलों में से 3 स्कूल विद्यार्थियों के कमी के कारण सूची से बाहर
सत्येंद्रसिंह राठौर. देवास
निजी स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों में अत्याधुनिक व हाइटेक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए चलाई जा रही केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पीएम श्री के तहत मार्च माह में देवास जिले के चिन्हित किए गए 10 सरकारी स्कूलों में से तीन को विद्यार्थियों की कमी के कारण सूची से बाहर कर दिया गया है। इसके बाद अब वर्तमान स्थिति में 7 स्कूल शेष हैं, इनकी पीएमश्री स्कूल की कार्ययोजना के तहत इनमें विभिन्न सुविधाओं, संसाधनों के लिए करोड़ रुपए से अधिक का प्रस्ताव भिजवाया गया है। चयनित हुए स्कूलों में देवास शहर से एकमात्र स्कूल माध्यमिक विद्यालय अमोना को शामिल किया गया है।
टीमों ने सर्वे करके स्कूलों की रिपोर्ट की तैयार
मार्च 2023 में लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा पीएम श्री स्कूलों की सूची जारी करते हुए इन स्कूलों में निर्धारित मापदंडों के आधार पर टीमों द्वारा सर्वे करवाकर उपलब्ध संसाधन एवं आवश्यकताओं का आंकलन करने के निर्देश दिए गए थे। टीमों के सर्वे के बाद तैयार रिपोर्ट को वरिष्ठ कार्यालय को भेजा गया था।
ये तीन स्कूल मापदंडों पर नहीं उतरे खरे
शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार देवास जिले में बागली विकासखंड से मावि मिर्जापुर, हायर सेकंडरी स्कूल कमलापुर, कन्या हासे हाटपीपल्या, देवास विकासखंड से मावि अमोना, मावि सिया, कन्नौद विकासखंड से मावि पानीगांव, हाईस्कूल पीपलकोटा, खातेगांव विकासखंड से मावि संदलपुर, हासे जियागांव, सोनकच्छ विकासखंड से मावि सांवेर को पीएम श्री के लिए चयनित किया गया था। इनमें से मावि मिर्जापुर, मावि संदलपुर, मावि पानीगांव को छात्र संख्या तय मापदंड के अनुसार नहीं होने से पीएम श्री की सूची से हटाया गया है।
वर्जन
पीएमश्री के तहत चयनित जिले के 7 स्कूलों में आवश्यक संसाधनों के लिए ६ करोड़ रुपए का प्रस्ताव वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में भारत शासन को भिजवाया गया है।
-ओ.पी. दुबे, एडीपीसी राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान देवास।
कक्षाएं स्मार्ट, भवन होंगे अपग्रेड, बालिकाओं को आत्मरक्षा सिखाएंगे
पीएमश्री के तहत स्कूलों को पूरी तरह से हाइटेक करना प्रस्तावित है। इसके तहत स्कूल भवन भी अपग्रेड किए जाएंगे। कक्षाएं स्मार्ट होंगी, कंप्यूटर सहित अन्य लैब, लाइब्रेरी आदि को तैयार किया जाएगा। अध्यापन में भी विविध प्रकार के नवाचार किए जाएंगे। छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे, इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के कौशल प्रशिक्षण विद्यार्थियों को दिए जाएंगे।
Published on:
21 Jun 2023 12:56 pm
बड़ी खबरें
View Allदेवास
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
