23 दिसंबर 2025,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सफाई कर्मियों की हड़ताल का दूसरा दिन… जगह-जगह पसरी गंदगी, डस्टबिन फुल, लोग बाहर फेंक रहे कचरा, बदबू ने किया बेहाल

कई कॉलोनियों में नहीं पहुंच रहे कचरा संग्रहण वाहन, रहवासी हो रहे परेशान, दूसरे दिन भी कचरा वाहनों के साथ तैनात रही पुलिस

4 min read
Google source verification

देवास

image

mayur vyas

Nov 08, 2019

patrika

patrika dewas

देवास. मांगों को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा की जा रही हड़ताल से परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। शहर में जगह-जगह गंदगी पसरती जा रही है। कचरा एकत्रित होने व सडऩे से बदबू के कारण आसपास के रहवासियोंं की फजीहत हो रही है। सार्वजनिक स्थानों पर लगे कई डस्टबिन फुल हो जाने के कारण लोग बाहर ही कचरा फेंक रहे हैं। वहीं कई कॉलोनियों में कचरा संग्रहण वाहन नहीं पहुंचने के कारण कुछ लोग आसपास खाली प्लाटों, मैदानों में कचरा फेंकने को मजबूर हैं तो कुछ ने घरों में ही कचरा एकत्रित कर रखा है।
नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की कई लंबित मांगे पूरी नहीं होने के कारण इन्होंने बुधवार से हड़ताल शुरू की थी जो लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रही। इसके कारण जहां शहर के विभिन्न मागों से गंदगी साफ नहीं हो पा रही है वहीं कचरा संग्रहण स्थल भी गंदगी से पटते जा रहे हैं। कई कॉलोनियों में कचरा संग्रहण वाहन नहीं पहुंच रहे हैं ऐसे में लोगों द्वारा घर का कचरा आसपास फेंका जा रहा है। वहीं कई लोग घर से कचरा लेकर खाली प्लाटों, कचरा संग्रहण स्थलों पर फेंक रहे हैं। इस कचरे को आवारा मवेशियों व सूअरों द्वारा फैलाने से आसपास के लोगों की दिक्कतें बढ़ रही हैं। कई जगह तो कचरा संग्रहण स्थल पर गीला कचरा सडऩे से बदबू बढ़ती जा रही है, वहीं मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। सुपर मार्केट, मल्हार स्मृति मंदिर, एमजी रोड सहित दर्जनों क्षेत्रों में लगे डस्टबिन कचरे से भर गए हैं, ऐसे में लोग इनके आसपास ही बाहर कचरा फेंककर जा रहे हैं। इसके अलावा कई क्षेत्रोंं में रहवासी घरों के पीछे वाली गलियों में भी कचरा फेंक रहे हैं जिससे वहां गंदगी बढ़ती जा रही है।
बढ़ता जा रहा कचरा, किसी ने कचरा पेटी में लगा दी थी आग
शहर के शालिनी रोड स्थित जनता बैंक के सामने कचरा संग्रहण स्थल पर कचरे की मात्रा बढ़ती जा रही है। यहां फलों व अन्य गीला कचरा सडऩे के कारण आसपास तीव्र दुर्गंध फैल रही है। ऐसे में आसपास के दुकानदार व रहवासी परेशान हो रहे हैं। रजाई-गद्दे भरने की दुकान संचालित करने वाले अफजल मंसूरी, रहवासी आबिद ब?श ने कहा पहले कचरा संग्रहण स्थल की नियमित सफाई हो जाने के कारण परेशानी नहीं थी लेकिन दो दिनों से कचरा बढ़ता जा रहा है। बदबू के साथ ही आवारा मवेशियों व सूअरों का जमावड़ा लग रहा है। मच्छर व कीड़े उडक़र घरों में घुस रहे हैं। हमें सफाई कर्मचारियों व निगम की खींचतान से कोई मतलब नहीं है, नियमित सफाई शुरू होना चाहिए। वहीं पास में दिनभर मौजूद रहने वाले सब्जी व्यवसायी कैलाश मामा ने बताया दो दिनों में कोई अधिकारी भी सुध लेने नहीं आया है। बुधवार को किसी ने यहां रखी कचरा पेटी में आग लगा दी थी, रात में बारिश के दौरान आग बुझी। यहां पर कई किमी दूर से आकर लोग कचरा फेंक रहे हैं।
दो दिनों से घर में ही रख रहे हैं कचरा
एक ओर नगर निगम द्वारा पुलिस जवानों की उपस्थिति में कचरा वाहन संचालित करवाए जा रहे हैं, दूसरी ओर दर्जनों कॉलोनियों में दो दिनों से वाहन नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में कईलोग घरों में ही कचरा रखने को मजबूर हैं। मधुबन कॉलोनी निवासी वर्षा सिंह ने बताया दो दिन से कचरा घर पर ही एकत्रित कर रहे हैं। लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी कचरा वाहन नहीं आया। उधर कुछ लोग ऐसे भी हैं जो नौकरी-पेशे पर जाते समय घर से कचरा लेकर साथ निकल रहे हैं।
55 में से 45 वाहन चलने का दावा फिर पहुंच क्यों नहीं रहे
नगर निगम के पास वर्तमान में करीब 55 कचरा संग्रहण वाहन हैं।अधिकारियों का दावा है कि इनमें से 45 वाहन नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं और हर वार्ड में एक वाहन पहुंचाया जा रहा है। इनके साथ पुलिस जवान भी भेजे जा रहे हैं। इन स्थितियों में सवाल यह उठ रहा है कि यदि हर वार्ड में वाहन चल रहा है तो फिर कईकॉलोनियों में गाड़ी पहुंच क्यों नहीं रही है। उधर निगम में करीब 750 सफाई कर्मचारी हैं और लगभग सभी हड़ताल में शामिल हैं जिससे सफाई व्यवस्था दो दिन में ही चरमरा गई है।
चोक नालियों से उफने कीचड़ व गाद की भी सफाई नहीं
बुधवार रात शहर में हुई एक घंटे की झमाझम बारिश से जगह-जगह नालियां चोक हो गई थीं और गाद व कीचड़ सडक़ों पर पसर गया था। इसके कारण कईजगह अगले दिन गुरुवार को भी वाहन निकालना व पैदल चलना मुश्किल रहा। इसकी सफाई भी नहीं हो सकी। कई बाइक चालक फिसलकर गिरे भी।
वर्जन
जब तक मांगें पूरी नहीं तब तक हड़ताल
अल्पायु में सेवा में आने वालों में से कई को तीन से चार दशक हो गए हैं, इनका विनियमितीकरण नहीं हो रहा जबकि कईजिलों में यह काम पूरा हो चुका है। ठेकेदारी प्रथा बंद करने सहित हमारी कई मांगें हैं। जब तक ये पूरी नहीं की जाती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल में सभी 750 कर्मचारी शामिल हैं।
-रूपेश कल्याणे, अध्यक्ष सफाई मजदूर कांग्रेस देवास।
श्रमिकों का इंतजाम किया, आज से सफाई
शहर में बढ़ रहे कचरे को देखते हुए श्रमिकों का इंतजाम किया गया है। शुक्रवार से इनके द्वारा काम शुरू कर दिया जाएगा। चूंकि सैकड़ों कर्मचारी एक साथ हड़ताल पर हैं इसलिए कचरा संग्रहण वाहन सभी जगह पहुंच पाना संभव नहीं हो रहा है, लोगों से सहयोग की अपेक्षा है। सभी जगह वाहन पहुंचाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, जल्द ही समस्या का हल होगा।
-संजना जैन, नगर निगम आयुक्त देवास।