
अधिकतम तापमान 6 डिग्री गिरा, दिनभर बनी रही ठिठुरन
देवास. शहर में रविवार से शुरू हुआ मावठे का दौर सोमवार सुबह तक जारी रहा। मावठे के चलते अधिकतम तापमान में गिरावट हुई और ठंड ने लोगों को जमकर ठिठुराया। रविवार की तुलना में सोमवार को अधिकतम तापमान में 6 डिग्री की कमी आई। रविवार शाम करीब पांच बजे से शुरू हुई बारिश का दौर सोमवार सुबह 10 बजे तक चला। रविवार शाम से सोमवार सुबह 8 बजे तक शहर में 1.14 इंच बारिश दर्ज की गई। सोमवार को धूप निकली लेकिन बादलों का आना-जाना और ठंडी हवाओं का दौर जारी रहा। वहीं शाम चार बजे फिर बादल छा जाने से मौसम सर्द हो गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री व न्यूनतम 15 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 27 व न्यूनतम 16 डिग्री दर्ज किया गया था। उधर मौसम विभाग ने मंगलवार को भी बारिश की संभावना जताई है।
पूरी रात भीगा शहर
शहर में रविवार सुबह से मौसम बदला था। रविवार को सुबह से बादल छाए रहे और शाम 5 बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ था। इसके बाद पूरी रात बारिश का दौर जारी रहा। कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का दौर सोमवार सुबह 10 बजे तक चला। इसके बाद मौसम साफ हुआ और हल्की धूप निकली। साथ ही तेज हवाओं के चलते शीतलहर का एहसास हुआ। हालांकि कुछ ही देर धूप का असर रहा और इसके बाद बादलों का आना-जाना लगा रहा। दोपहर 3 बजे बाद फिर बादल छाने लगे और शाम 5 बजे तक वापस बारिश जैसा मौसम हो गया। इससे शाम के समय ठंड का असर बढ़ गया।
दिनभर गर्म कपड़ों में लिपटे रहे
सोमवार सुबह 10 बजे बारिश का दौर जारी होने से लोग रेनकोट पहनकर या छाता लेकर घर से बाहर निकले। इसके बाद मौसम खुला लेकिन ठंडी हवाओं के चलते सोमवार को शहरवासी पूरे दिन गर्म कपड़ों में लिपटे आए। वहीं घर से बाहर जाने के दौरान भी लोग गर्म कपड़े पहनकर ही बाहर निकले। वहीं कई जगह लोग दोपहर में भी अलाव तापते नजर आए।
सड़कों पर हुआ जलजमाव
रातभर बारिश का दौर जारी रहने से शहर की कई सड़कों पर जलजमाव हुआ। वहीं नाले-नालियों की गाद भी सड़क पर आ गई। सोमवार को कुछ जगहों पर नगर निगम की टीम पानी निकासी के इंतजाम करती नजर आई।
जिले में आधा इंच से ज्यादा बारिश
उधर शहर के अलावा अंचल में भी बारिश हुई। रविवार शाम से सोमवार सुबह 8 बजे तक देवास में 1.14 इंच, टोंकखुर्द में पौन इंच, सोनकच्छ में करीब एक इंच, हाटपीपल्या में 1.33 इंच, खातेगांव में करीब पौन इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं बागली, कन्नौद, उदयनगर व सतवास में मामूली बारिश हुई। जिले में करीब आधा इंच से ज्यादा यानि 0.61 इंच बारिश दर्ज की गई। पिछले वर्ष इस अवधि में जिले में बारिश नहीं हुई थी।
Published on:
27 Nov 2023 11:21 pm
बड़ी खबरें
View Allदेवास
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
