
मुनिश्री को नमन करते दोनों विधायक
नेमावर. जीवन में होश के साथ साधना अनिवार्य है। जो हम अपने लिए चाहते हैं, वह दूसरों के लिए भी चाहे। जीवन के प्रति थोड़ा गंभीर होना आवश्यक है। किसी बहती नदी को देखकर सोचे जिस प्रकार नदी का जल बहता जा रहा है, उसी प्रकार मेरी जिंदगी भी भागी जा रही हंै। नदी अंतत: सागर में विलीन होने की परिभाषा लेकर गतिमान है और जिंदगी भी मृत्यु रूपी खाड़ी में गिरने को आतुर है। घड़ी के सेकंड के कांटे की तरह बचपन भाग रहा है। मिनट के कांटे की तरह जवानी बीत रही है और घंटे का कांटा बुढ़ापे का प्रतीक है। उक्त विचार आचार्यश्री विद्यासागरजी महाराज ने सिद्धोदय सिद्धक्षेत्र नेमावर में उपस्थित जनसमूह के समक्ष व्यक्त किए। जैन समाज के प्रवक्ता नरेंद्र चौधरी पुनीत जैन, राजीव जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिदिन प्रात:कालीन बेला में पूजन के दौरान श्रद्धालुओं को आचार्यश्री के श्रीमुख से संक्षिप्त आशीर्वचन सुनने का अवसर मिलता है। प्रवचन के दौरान आचार्यश्री ने कहा कि मृत्यु हमारी ओर कभी आती दिखाई नहीं देती है लेकिन हर पल अपने साथ खड़ी होती है। डूबते सूरज को देखकर सोचे एक दिन मेरा जीवन रूपी सूरज भी इसी प्रकार डूब जाएगा। जीवन क्षण मात्र का होता है, अत: यह नश्वर शरीर चिता पर पहुंचे इससे पहले अपनी चेतना जगा लो। परोपकार और सेवा के कार्य करें तो मनुष्य जीवन की सार्थकता है। प्रवचन के पूर्व बेरसिया, भोपाल, इंदौर, राजस्थान, महाराष्ट्र सहित देश के अन्य क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने आचार्यश्री के श्री चरणों में श्रीफल समर्पित आशीर्वाद प्राप्त किया।
रविवार को सतवास जैन समाज के साथ बागली के विधायक पहाड़सिंह कन्नौजे ने आचार्यश्री को श्रीफल भेंट कर सतवास नगर में पधारकर नवनिर्मित जिनालय का पंचकल्याणक कराने हेतु निवेदन किया। नेमावर में विराजमान मुनिश्री संभव सागर महाराज एवं मुनि संघ के सानिध्य में डॉक्टर जगदीश जोशी, डॉ. सुनीता जोशी इंदौर द्वारा आचार्यश्री के आशीर्वाद एवं प्रेरणा से रचित पुस्तक पूर्णायु नामक पुस्तक का विमोचन खातेगांव विधायक आशीष शर्मा और विधायक पहाड़ सिंह कन्नौजे, भाजपा जिला महामंत्री नरेंद्र चौधरी, ट्रस्ट कमेटी के कारकारी अध्यक्ष संजय मेक्स, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश काला, खंडवा सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र मित्तल, खातेगांव यादव समाज के अध्यक्ष रामेश्वर यादव, लोकेंद्र जोशी आदि ने किया। गौरतलब है कि आचार्यश्री विद्यासागर महाराज के आशीर्वाद से चिकित्सा के क्षेत्र में आयुर्वेद पद्धति का देश का एक बड़ा अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र पूर्णायु के नाम से जबलपुर तिलवारा घाट पर आकार ले रहा है। आचार्यश्री का मानना है कि यंत्र से अधिक आयुर्वेद के मंत्रों पर विश्वास ही पूर्णायु का मूल आधार है। डॉक्टर जोशी दंपत्ति द्वारा रचित पुस्तक में प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति एवं आयुर्वेद के माध्यम से बच्चों की निरोगी काया के सफल एवं सरल उपचार बताए गए हैं।
Published on:
12 Nov 2019 10:31 am
बड़ी खबरें
View Allदेवास
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
