Mahtari Vandan Yojana: महिलाएं राशि के लिए बैंक और संबंधित विभाग का चक्कर काट रही हैं। इसके बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हो रहा है। इससे महिलाओं में रोष पनपने लगा..
Mahtari Vandan Yojana: महतारी वंदन योजना के तहत पात्रता रखने वाले सैकड़ों महिलाओं के खाते में राशि नहीं आ रही है। शिकायत के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हो रहा है। महिलाएं राशि के लिए बैंक और संबंधित विभाग का चक्कर काट रही हैं। इसके बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हो रहा है। इससे महिलाओं में रोष पनपने लगा है। इधर शिकायत के बाद ऐसी महिलाओं का पोस्ट आफिस में इंडियन पोस्ट पेमेेंट बैंक में नया खाता खुलवाया जा रहा है।
मिली जानकारी के अुनसार जिले में करीब 3 हजार से अधिक ऐसी महिलाएं हैं, जिनके खाते में महतारी वंदन योजना के तहत राशि ही नहीं आ रही है। बता दें कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में महिलाओं की आर्थिक स्थिति, स्वावलंबन तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार को लेकर महतारी वंदन योजना शुरू की। सरकार से मिले निर्देश के बाद धमतरी जिले में यह योजना 5 मार्च 2024 से शुरू हुई।
इस योजना के तहत कुल 2 लाख 36 हजार 719 महिलाओं ने आवेदन जमा किया, जिसमें से 563 अपात्र पाए गए। जबकि सत्यापन में 2 लाख 35 हजार 507 महिलाएं पात्र पाई गईं। विंध्यवासिनी वार्ड निवासी खुशबू सोनी, गीता निर्मलकर, आरती सोनकर, अंजली नामदेव, ऋतिका निर्मलकर ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत पिछले दो माह से उनके खाते में राशि नहीं आ रही है। विभागीय अधिकारियों से इसकी शिकायत कर चुकी हैं।
विभाग के कर्मचारियों ने बैक खाते में डीबीटी अपडेट नहीं होने की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में उनके पुराने खाते में ही महतारी वंदन की राशि ट्रांसफर हो रही थी। अब उन्हें नया खाता खुलवाने के लिए कहा जा रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत पात्रता रखने वाले हितग्राहियों को डीबीटी के माध्यम से भुगतान हो रहा है। जिनके खाते में राशि नहीं आ रही है, उन्हें डीबीटी अपडेट कराने के लिए कह रहे हैं। जगरानी एक्का, जिला परियोजना अधिकारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लाभार्थियों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। इसका मुख्य कारण लाभार्थियों का मृत्यु को बताया जा रहा है। विभाग के अनुसार पिछले सालभर में 1230 हितग्राहियों की मृत्यु हुई है। वहीं जिन्हें अलग-अलग खाते में राशि ट्रांसफर हुई है। उनके खाते को होल्ड कर दिया गया है। ऐसे खातोें की जांच भी हो रही है।
इधर शिकायत के बाद जिन महिलाओं के खाते में महतारी वंदन योजना की राशि नहीं आ रही है उन्हें पोस्ट आफिस में नया खाता खुलवाया जा रहा है। शनिवार को इसके लिए विंध्यवानी वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में शिविर लगाया गया। यहां पोस्ट आफिस के एक कर्मचारी द्वारा इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक का नया खाता खोला गया। नया खाता खोलने के लिए प्रत्येक हितग्राहियों से 200 रूपए की राशि ली गई। इसमें से 176 रूपए शासन द्वारा काटने की जानकारी दी गई। साथ 24 रूपए हितग्राही के खाते में जमा होने की बात कही गई। शिविर में करीब 20 महिलाओं का नया खाता खोला गया है।