
dhamtari road accident news ( Photo - Patrika )
Road Accident: खपरी बायपास अब जिले के लिए एक खतरनाक डेंजर जोन बनता जा रहा है। सुबह हुए सडक़ हादसे की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि महज 12 घंटे के भीतर देर रात इसी स्थान से 100 मीटर दूर पर एक और दर्दनाक सडक़ दुर्घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने से एक बार फिर एक युवक की जान चली गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
घटना देर रात ग्राम कुरमातराई के पास की है। जानकारी के अनुसार कोसमर्रा निवासी दुलेश साहू और हेमलाल साहू किसी काम से धमतरी आए थे। काम निपटाने के बाद दोनों युवक बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भखारा रोड पर कुरमातराई के पास पीछे से आ रही एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर दूर फेंका गए। बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। संयोगवश उसी समय वहां से गुजर रहे वरदान परामर्थ सेवा संस्था के शिवा प्रधान और अमन साहू की नजर पड़ी। दोनों ने बिना समय गंवाए घायलों को तत्काल अपने निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दुलेश साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल हेमलाल साहू का इलाज जारी है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अज्ञात कार चालक की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि जिले में पहले भी हिट एंड रन के मामले आ चुके है, लेकिन पुलिस ऐसे कार मालिकों तक नहीं पहुंच पाई।
इस घटना ने एक बार फिर जिले में लगातार बढ़ रही सडक़ दुर्घटनाओं और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर खपरी बायपास और भखारा रोड क्षेत्र में लगातार दुर्घटनपाएं हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाकों में भारी वाहनों और तेज गति से चलने वाली कार समेत हैवी वाहनोंं पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं है। रात के समय सडक़ पर न तो पर्याप्त पुलिस गश्त रहती है और न ही स्पीड कंट्रोल के ठोस इंतजाम। ऐसे में सडक़ दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है।
ग्रामीण सुनील साहू, अग्रवाल साहू, हेमचंद साहू ने प्रशासन से खपरी बायपास और भखारा रोड को दुर्घटनाजन्य क्षेत्र घोषित कर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, नियमित पुलिस गश्त और रात में चेकिंग बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे हादसे होते रहेंगे।
एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि बायपास रोड में सडक़ दुर्घटना पर अंकुश लगाने के लिए हैवी वाहन चालकों की बैठक लेकर समझाईश देंगे। साथ ही यातायाता पुलिस की भी ड्यूटी लगाएंगे। लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
Updated on:
16 Feb 2026 12:57 pm
Published on:
16 Feb 2026 12:52 pm
बड़ी खबरें
View Allधमतरी
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
