Khalghat- मध्यप्रदेश में मौसम के बदले मिजाज से कई जगहों पर हादसे हुए हैं। आंधी और बारिश के कारण क्षेत्र में जमकर तबाही मची।
Khalghat- मध्यप्रदेश में मौसम के बदले मिजाज से कई जगहों पर हादसे हुए हैं। आंधी और बारिश के कारण क्षेत्र में जमकर तबाही मची। आंधी से खरगोन और धार में कई स्थानों पर पेड़ गिर गए और बिजली के पोल टूट गए। आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर तो ऐसी जोरदार आंधी चली कि कारों से भरा एक कंटेनर बेकाबू होकर संजय सेतु पुल से नीचे नर्मदा में जा गिरा। कंटेनर के चालक को लोगों ने बचा लिया। मुंबई- आगरा नेशनल हाइवे पर खलघाट में यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
मंगलवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। धार और खरगोन जिले की सीमा पर खलघाट नर्मदा ब्रिज से एक कंटेनर सड़क पर लहराते हुए सीधे नदी में जा गिरा। घटना के बाद यहां अफरा-तफरी मच गई। गोताखोर और पुलिस की मदद से कंटेनर के चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कंटेनर नंबर UP 32 jn7767 इंदौर से मुंबई की तरफ जा रहा था। कंटेनर के अंदर कार भरी हैं। शाम को क्षेत्र में जोरदार आंधी चली जिसके कारण सड़क पर चलता कंटेनर अनियंत्रित होकर नर्मदा नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गया। लोगों की मदद से ड्राइवर को बेहोशी की हालत में निकाल कर एंबुलेंस से धामनोद हॉस्पिटल भेजा गया।
बाद में पुलिस ने यहां से यातायात सुचारु करवाया। बता दें कि 3 साल पहले इसी जगह पर महाराष्ट्र रोडवेज की एक बस नर्मदा में गिर गई थी जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी।