
indore dahod rail project tihi tunnel inspection
Indore-Dahod Rail Project: मध्यप्रदेश में इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत बहुप्रतीक्षित टिही टनल का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। शुक्रवार को केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और धार विधायक नीना वर्मा ने निर्माणाधीन टनल में करीब 70 फीट नीचे उतरकर कार्यों का जायजा लिया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने सुरंग के भीतर पहुंचकर निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग है, जिसे तय समय सीमा में पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने पर विशेष जोर दिया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार करीब 3 किमी लंबी टिही टनल में तेजी से कार्य जारी है। अब तक लगभग 800 मीटर हिस्से में ट्रैक और पटरी बिछाने का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य भी तेज गति से प्रगति पर है। फिनिशिंग और अन्य तकनीकी कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों ने दावा किया है कि आगामी जून-जुलाई तक टनल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही इंदौर से धार के बीच सीधा रेल संचालन शुरू होने की संभावना है। हाल ही में पीथमपुर से धार के बीच टॉवर वैगन इंजन के माध्यम से सफल परीक्षण भी किया जा चुका है।
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा, इंदौर-धार रेल लाइन शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और व्यापार-उद्योग को नई गति मिलेगी। यह परियोजना न केवल यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगी, बल्कि रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर भी खोलेगी। केंद्र सरकार की पहल पर क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। टिही टनल और इंदौर-दाहोद रेल परियोजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो आने वाले समय में पूरे मालवा-निमाड़ क्षेत्र के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है।
बता दें कि इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत पीथमपुर से धार तक बनकर तैयार 38 किमी के रेलवे ट्रैक पर रेल इंजन का सफल ट्रायल रन बीते दिनों हो चुका है। जब पहली बार रेल इंजन ने पीथमपुर से धार के बीच बने नए ट्रैक (Pithampur-Dhar track) पर दौड़ लगाई तो लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा था। धार रेलवे स्टेशन में रेल के इंजन के दाखिल होते ही स्टेशन पर मौजूद नागरिकों ने इंजन और उसमें सवार रेलवे अधिकारियों का जोरदार स्वागत किया था। कई लोग इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आए थे और सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा की थी।
Published on:
03 Apr 2026 10:13 pm
बड़ी खबरें
View Allधार
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
