
भोले के जयकारे से गूंजे शिवालय
कोद. सावन का महीना और भोले की भक्ति मानो दही में शकर मिला दी हो। सावन माह के दूसरे सोमवार को नगर के शिवालयों में सुबह से ही भोले की आराधना में भक्त मंत्रमुग्ध हो गए। सुबह से ही भोले के जयकारों से शिवालय गूंजने लगे। नगर की ज्ञानेश्वर महादेव मंदिर, अंचलेश्वर महादेव मंदिर, खेड़ापति हनुमान मंदिर आदि कई मंदिरों पर पहुंचकर के श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाकर भोले बाबा से सुख समृद्धि की कामना की।
वहीं क्षेत्र के प्राचीन तीर्थ एवम पर्यटक नगरी कोटेश्वर धाम पर सावन माह के दूसरे सोमवार को आसपास क्षेत्र सहित दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान कोटेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। बोल बम-बम के जयकारों से गूंज उठा तीर्थ कोद से लगाकर कोटेश्वर तक कावडि़ए एवं महिलाएं भोले बाबा की भक्ति में लीन सिर पर कलश धारण करे एवं पुरुष कंधे पर कावड़ लेकर बोल बम बम बम के जयकारों के साथ डीजे की धुन पर नाचते गाते चल रहे थे। क्षेत्र के औसार, मौसम, खिलेडी, फुलेड़ी, लोहारी कड़ोद आदि कई गांवों से महिलाएं कलश यात्रा लेकर के कोटेश्वर धाम पहुंची। जहां पर भगवान कोटेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। वहीं घाटाबिल्लौद से जल भरकर संकल्प नि:शुल्क कावड़ यात्रा सोमवार को कपिल यादव के नेतृत्व में कोटेश्वर पहुंची। जहां पर भगवान कोटेश्वर महादेव का जलाभिषेक कावडिय़ों द्वारा किया गया। वहीं कोद में कावड़ का नगर वासियों द्वारा स्वागत किया गया। वही कोटेश्वर तीर्थ पर शाम तक लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं ने पहुंचकर के भगवान कोटेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। तीर्थ की व्यवस्था को देखते हुए कानवन थाना प्रभारी कमलसिंह गेहलोद अपनी संपूर्ण टीम के साथ दिनभर मौजूद रहे।
दसई. श्रावण मास के चलते दूसरे सोमवार को शिवालय में शिवभक्तों की काफी भीड़ सुबह से ही देखने को मिली। प्राचीन रामरामेश्वर मंदिर गुप्तेश्वर मंदिर, कुम्हार पाट, अंबामाता मंदिर सहित अन्य मंदिरों में लोगों ने पूजा की । गुप्तेश्वर मंदिर में नगर के पंडितों ने अभिषेक किया गया। दोपहर में आरती के साथ प्रसादी का वितरण किया गया। वही रामरामेश्वर मंदिर में भगवान भोले का शृंगार किया गया। सुबह से ही नगर में कावड यात्रा आने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था। जिससे भोले के जयकारों से नगर गूंज उठा।
सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचे श्रद्धालु
नालछा. श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को सुबह से ही शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। भगवान भोलेनाथ का सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में पंडित प्रखर इंदूरकर द्वारा भोलेनाथ का विशेष अभिषेक कर आकर्षक शृंगार किया गया। भगवान भोलेनाथ के शृंंगार का आनंद लेने के लिए सुबह से ही युवाओं महिलाओं एवं बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। नालछा के युवाओं सागर शर्मा, ललित राठौर, लाला प्रजापत, अश्विन यादव, तावडे ठाकुर, विकास शर्मा ने प्रसादी का वितरण किया।
बरमंडल. बरमंडल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में श्रावण मास में शिव भक्त श्रावण मास में कहीं अखंड रामायण पाठ तो कहीं पर प्रतिदिन रुद्राभिषेक कर भगवान भोले की भक्ति में लीन दिखाई दे रहे है।श्रावण माह में शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ लग रही है। श्रावण सोमवार को तो भक्तों की लंबी कतार लग रही है। प्राचीन भवानी माता मंदिर में अखंड रामायण पाठ किया जा रहा है। यह पूरे माह अनवरत जारी रहेगा। प्रतिदिन भक्तों द्वारा रामायण पाठ किया जा रहा है। अंतिम दिन रामायण पाठ की पूर्णाहुति पर हवन कर प्रसादी वितरित की जाएगी।पंच दिनेश सेन ने बताया कि मंदिर के प्रमुख मार्ग पर नाली का पानी रोड पर ही बह रहा है। जिससे मंदिर आने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके संबंध में पंचायत को कई बार अवगत करा दिया गया है, लेकिन इस ओर ध्यान नही दिया जा रहा है।
Published on:
07 Aug 2018 12:09 am
बड़ी खबरें
View Allधार
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
