16 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अब धार को पाइप लाइन से मिलेगी रसोई गैस

अब शहर में खत्म होगा सिलेंडर का झंझट, शुक्रवार को कलेक्टर से मिले कंपनी के अधिकारी

3 min read
Google source verification

धार

image

Ramesh Vaidh

Jun 29, 2018

dhar

अब धार को पाइप लाइन से मिलेगी रसोई गैस

धार. शहर के रसोई गैस उपभोक्ताओं को अब एलपीजी (लिक्वड पेट्रोलियम गैस) से सस्ती गैस की सौगात जल्द मिलने वाली है। गैस बुक कराने और सिलेंडर खत्म होने के बाद रसोई गैस आने का इंतजार भी खत्म हो जाएगा। शहर में गैस पाइप लाइन का काम चंद औपचारिकताओं के पूरे होने के बाद शुरू हो जाएगा। पहले चरण में घोड़ा चौपाटी से इंदौर नाके के रहवासी इलाकों को पहले जोन में कवर किया जा रहा है।
केंद्र सरकार की ओर से संचालित योजना के तहत अहमदाबाद की राजकमल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रालि कंपनी ने इसका जिम्मा नवेरिया गैस प्राइवेट लिमिटेड को दिया है। इस कंपनी के साथ पेरिगान इंफ्रा प्रालि व देवराज बिल्डर्स भी कंस्ट्रक्शन का कार्य देखेंगे। शुक्रवार को कंपनी के अधिकारी कलेक्टर दीपक सिंह से मिले और प्रोजेक्ट के बारे में चर्चा की। साथ ही नगर पालिका परिषद, नेशनल हाइवे अर्थरिटी, एकेविन को एनओसी के लिए आवेदन भी किया गया है। एनओसी मिलने के बाद इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा। पहले चरण में शहर की कॉलोनियों में घर-घर कनेक्शन के लिए २३ किमी लाइन बिछाने का काम शुरू होगा।
पीथमपुर मुख्य गैस प्लांट से आएगी सीएनजी व पीएनजी : धार जिले में गैस पाइप लाइन के इस प्रोजेक्ट में ८ शहरों को शामिल किया गया है। इसके लिए पीथमपुर स्थित गेल इंडिया के मुख्य गैस प्लांट से गैस धार शहर व जिले में डिस्ट्रिब्यूट की जाएगी। पहले चरण के तीन फेज में धार शहर में कुल ५० किमी लाइन बिछाई जाएगी। दो सीएनजी पंप लगाए जाएंगे। घरों में उपयोग के लिए पीएनजी गैस का वितरण किया जाएगा। बाद के चरणों में धार जिले के डही, कुक्षी मनावर, गंधवानी, सरदारपुर-राजगढ़, बदनावर, धरमपुरी-धामनोद को शामिल किया गया है। शहर के मध्य एक सीएनजी पंप होगा। एक पंप शहर के बाहर लगाया जाएगा। इससे वाहनों को गैस उपलब्ध हो सकेगी।

शहर में होगा तीन चरण में काम
शहर में गैस पाइप लाइन बिछाने के तीन चरण में काम होंगे। इसमें पहले चरण में २३, दूसरे चरण में २३ व तीसरे चरण में ४ किमी गैस पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू होगा। कंपनी के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शहर में सर्वे व अन्य काम को शुरू हुए एक महीना हो गया, लेकिन इसके आधिकारिक ऑफिस का शुभारंभ दो दिन पूर्व किया गया है।

उपभोक्ताओं को यह मिलेगा लाभ
अभी उपभोक्ता गैस एजेंसी से १५ किग्रा का सिलेंडर लेकर अपनी जरूरत पूरी करते हैं। इसमें भी उपभोक्ता पूरी गैस उपयोग नहीं कर पाते। एक से डेढ़ किमी गैस फिर भी सिलेंडर में बच जाती है। इसका उपयोग नहीं हो पाता। वर्तमान में उपयोग की जाने वाली गैस तरल रूप में होती है। इसके कारण आग लगने और सिलेंडर फटने जैसी वारदात आम हो चुकी हैं। पीएनजी गैस एलपीजी से सस्ती व गैस रूप में होने से आग लगने जैसी घटनाओं से सुरक्षित है। इसकी कास्ट (कीमत)बॉटल में आने वाली गैस से कम आती है। गैस खत्म होने का झंझट नहीं होता।यह पोस्टपेड की तरह उपयोग की जाती है। जितनी गैस उपयोग की जाएगी उतने का ही बिल बनेगा। लीकेज की स्थिति में हवा से हल्की होने के कारण यह गैस उड़ जाती है तो रसोई घर व मकान सुरक्षित रहता है।

धार शहर में पहले चरण का काम जल्द शुरू होने जा रहा है। इसके लिए शुक्रवार को कलेक्टर दीपक सिंह से मुलाकात कर पूरे प्रोजेक्ट पर चर्चा हो चुकी है। एनओसी मिलने के बाद तेजी से काम शुरू किया जाएगा। पीथमपुर गैस प्लांट से ५० किमी पाइप लाइन बिछाकर धार में गैस लाई जाएगी। सीएनजी से वाहन चालकों को लाभ होगा तो पीएनजी से घरों पर २४ घंटे ३० दिन तक गैस उपलब्ध हो सकेगी।
-तरुण नोटियाल, कार्पोरेट अफेयर्स, नवेरिया गैस प्रालि कंपनी, प्रोजेक्ट धार

शहर के घोड़ा चौपाटी से इंदौर नाके तक की रहवासी कॉलोनी में गैस पाइप लाइन का काम पहले चरण में शुरू किया जाएगा। इसमें त्रिमूर्तिनगर समेत आसपास की कॉलोनियां भी शामिल होंगी।
-हरीश रघुवंशी, लोकल बॉडी मेंबर, नवेरिया गैस प्रालि, कंपनी, प्रोजेक्ट धार