धार्मिक ग्रंथों के अनुसार अपरा एकादशी को कई नाम से जाना जाता है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हरियाणा में इसे भद्रकाली एकादशी तो ओडिशा में जलक्रीड़ा एकादशी के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि इस व्रत को करने से व्यक्ति को असीमित या अपार धन की प्राप्ति होती है, इसी कारण इसे अपरा एकादशी कहा जाता है। साथ ही भगवान श्री कृष्ण ने राजा युधिष्ठिर से इसके संबंध में कहा था कि अपरा एकादशी व्रत को रखने वाला व्यक्ति पुण्य कर्मों के कारण जग में बहुत प्रसिद्ध होता है। साथ ही गंगा स्नान करने के समान लाभ प्राप्त करता है। इसके अलावा अपरा एकादशी का व्रत सभी पापों को नाश करने वाली और पापों की क्षमा दिलाकर मोक्ष दिलाने वाली है।