9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नवीन जिलों की घोषणा, अब प्रदेशभर से स्टाफ जुटाने की मशक्कत

रोहित शर्मा धौलपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गत दिनों राजस्थान में 19 नवीन जिले और तीन संभाग बनाने की घोषणा की थी। घोषणा के साथ ही सरकारी मशीनरी ने कामकाज शुरू कर दिया।

3 min read
Google source verification
Announcement of new districts, now trying to get staff from all over the state

नवीन जिलों की घोषणा, अब प्रदेशभर से स्टाफ जुटाने की मशक्कत

रोहित शर्मा

धौलपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गत दिनों राजस्थान में 19 नवीन जिले और तीन संभाग बनाने की घोषणा की थी। घोषणा के साथ ही सरकारी मशीनरी ने कामकाज शुरू कर दिया। लेकिन फिलहाल सबकी नजरें गजट नोटिफिकेशन पर हैं। उधर, कांग्रेस सरकार की मंशा है कि चुनावी आचार संहिता से कुछ जिलों को मूर्त रूप दिया जा सके। वहीं, नवीन जिलों की घोषणा ने पुलिस प्रशासन के पसीने छूटा रखे हैं। कानून व्यवस्था की दृष्टि से इन जिलों में फिलहाल पुलिसकर्मियों को लगाने के लिए मशक्कत शुरू हो गई है। यहां भरतपुर रेंज में भी सवाईमाधोपुर में से गंगापुर सिटी और भरतपुर से डीग को नया जिला बनाने की घोषणा हुई है। पुलिस विभाग ने हाल में नवीन जिलों में तैनाती के लिए पुलिसकर्मियों से आवेदन मांगे थे। लेकिन डीग जिले में जाने वालों के आवेदन गंगापुरसिटी की अपेक्षाकृत कम मिले हैं। सूत्रों के अनुसार फिलहाल करीब 260 से अधिक आवेदन ही मिल पाए हैं। जबकि कम से कम जरुरत 700 से 800 की है। जिसमें पुलिस लाइन का स्टाफ दूर की कौड़ी बना हुआ है। उधर, भरतपुर जिले के कार्यरत कर्मियों ने डीग में जाने के लिए खास उत्साह नहीं है। यहां केवल सेवानिवृत या फिर पारिवारिक वजह से जाने वालों की संख्या अधिक है।

डीग में 13 और गंगापुरसिटी में होंगे 11 पुलिस थाने

घोषित नवीन डीग जिले में पुलिस के अभी 11 पुलिस थाने हैं जबकि दो और थानों की हाल में घोषणा हुई थी। जिसमें जनूथर और जालूकी का हाल में नोटिफिकेशन जारी हुआ है। इसी तरह भरतपुर रेंज के गंगापुरसिटी जिले में करीब 11 पुलिस थाने हैं। इसमें सवाईधोपुर जिले से 7 और 4 करौली के शामिल हैं।

घर वापसी के लिए किए आवेदन

इधर, धौलपुर जिले से डीग जाने के लिए करीब 50 से अधिक कार्मिकों ने आवेदन किए हैं। इसी तरह गंगापुरसिटी के लिए भी आवेदन मिल रहे हैं। इसमें गंगापुरसिटी जाने वाले अच्छी संख्या में है। इसकी वजह गंगापुरसिटी रेल और सडक़ मार्ग से बेहतर जुड़ाव होना है। जबकि डीग के लिए पहले भरतपुर या फिर मथुरा से जाना पड़ेगा। आवेदन करने वालों में डीग क्षेत्र का पुलिस कार्मिक कम से 15 साल बाहर नौकरी कर चुका हो और जबकि अन्य जिले के कार्मिक के लिए 7 साल होना आवश्यक है।

नए जिले में जाने मिल सकेगा है फायदा

हालांकि, नवीन जिलों में जाने का पुलिस महकमे के कार्मिकों को सर्विस में फायदा भी मिलेगा। यहां उन्हें वरिष्ठता और पदोन्नति में लाभ मिल सकेगा। जबकि पुराने जिले में उन्हें इतंजार करना पड़ रहा है। इसलिए नवीन जिलों में कुछ कार्मिकों ने इस लिहाज से भी आवेदन किए हैं।

पुलिस विशेषाधिकारी किए तैनात

राज्य सरकार ने नवीन जिलों में अधिकारियों की तैनाती शुरू कर दी है। गत दिनों गृह विभाग की ओर से गंगापुरसिटी में आईपीएस अधिकारी देवेन्द्र कुमार विश्नोई और डीग में आईपीएस अधिकारी एवं एएसपी भरतपुर (मुख्यालय) बृजेश ज्योति उपाध्याय को नियुक्त किया है। इन्होंने अपना कार्यभार संभालने के साथ ही नफरी जुटाना शुरू कर दिया है।

नहीं जाने की मेवात और चुनावी दंगल बड़ी वजह

डीग जिले में कामां, डीग और नगर सर्किल हैं। वहीं, भरतपुर में तैनात कार्मिक या जिसने घर बना लिया, वह डीग जाने का इच्छुक थोड़ा कम है। इसकी दूसरी वजह ये है कि भरतपुर जिले के लिए मेवात का क्षेत्र हमेशा सिरदर्द रहा है। यहां गोवंश तस्करी, ऑनलाइन ठगी, सीमावर्ती राज्यों की आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की घुसपैठ और भूगोलिग स्थिति की वजह से कार्मिक यहां कार्य करने से कतराते हैं। ऐसा पुलिस ही नहीं शिक्षा, राजस्व समेत अन्य महकमों में भी शामिल है। दूसरी वजह आगामी विधानसभा चुनाव हैं।

19 जिले और 3 संभाग बनाने की हुई थी घोषणा

प्रदेश में हाल में 19 नए जिले बनाने की घोषणा हुई थी। साथ ही तीन नए संभाग भी बनेंगे। नवीन जिलों में बालोतरा, ब्यावर, अनूपगढ़, डीडवाना (कुचामन), डीग (भरतपुर), दूदू, गंगापुर सिटी (सवाईमाधोपुर), जयपुर उत्तर, जयपुर दक्षिण, कोटपूतली (बहरोड़), खैरथल, नीमकाथाना, फलौदी, सलूंबर, सांचोर, जोधपुर पूर्व, जोधपुर पश्चिम, केकड़ी, शाहपुरा जिले शामिल है। वहीं नए संभाग बांसवाड़ा, पाली और सीकर प्रस्तावित है। इन जिलों की जरुरतों के लिए सरकार ने 2 हजार करोड़ रुपए बजट का प्रावधान किया है। इसके साथ अब प्रदेश में 50 जिले हो जाएंगे। जबकि संभागों की संख्या बढकऱ 10 हो जाएगी।

- अच्छी संख्या में आवेदन मिल रहे हैं। नवीन जिले में आने वालों को फायदा भी मिलेगा। उन्हें वरिष्ठता और पदोन्नति में भी लाभ मिलेगा। फिलहाल कुछ कार्यालय स्टाफ मिल चुका है।

- देवेन्द्र कुमार विश्नोई, पुलिस विशेषाधिकारी, गंगापुरसिटी

- डीग के लिए आवेदन लगातार मिल रहे हैं। धौलपुर, सवाईमाधोपुर समेत अन्य स्थानों से अच्छे आवेदन मिले हैं। फिलहाल करीब 50 कार्मिकों से काम शुरू हो जाएगा। अन्य नफरी धीरे-धीरे बढ़ती रहेगी।

- बृजेश ज्योति उपाध्याय, पुलिस विशेषाधिकारी, डीग