26 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजाखेड़ा के अभूकी मंदिर पर देररात बावरिया गिरोह के डकैतों का हमला

- आभूषण और करीब 20 हजार रुपए लूट ले गए - देररात हथियारों से लैस होकर आए बदमाश, की फायरिंग - सूचना के बावजूद देरी से पहुंची पुलिस, पुजारी और लोगों की सजगता से दो डकैत पकड़े   राजाखेड़ा. शहर के नयावास में रविवार देररात प्राचीन अभूकी धाम मंदिर पर हथियारों से लैस डकैतों ने धावा बोल दिया।

2 min read
Google source verification
 Bawariya gang dacoits attack on Abhuki temple of Rajkheda

राजाखेड़ा के अभूकी मंदिर पर देररात बावरिया गिरोह के डकैतों का हमला

राजाखेड़ा के अभूकी मंदिर पर देररात बावरिया गिरोह के डकैतों का हमला


- आभूषण और करीब 20 हजार रुपए लूट ले गए

- देररात हथियारों से लैस होकर आए बदमाश, की फायरिंग

- सूचना के बावजूद देरी से पहुंची पुलिस, पुजारी और लोगों की सजगता से दो डकैत पकड़े

राजाखेड़ा. शहर के नयावास में रविवार देररात प्राचीन अभूकी धाम मंदिर पर हथियारों से लैस डकैतों ने धावा बोल दिया। डकैत बावरिया गिरोह के बताए जा रहे हैं। डकैतों ने मंदिर पुजारी और आस-पास के लोगों पर फायरिंग भी की। डकैत मंदिर से सोने के आभूषण और करीब 20 हजार रुपए लूट ले गए। हालांकि, पुजारी और लोगों ने दो डकैतों को दबोच लिया। लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची। बाद में जब लोगों ने दो डकैतों को दबोच लिया तब पुलिस पहुंची और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। मंदिर पुजारी महंत केशव भारती व उनकी गुरु बहन दया भारती ने पुलिस को बताया कि रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे वे मंदिर परिसर में ही सो रहे थे। तभी उन्हें कुछ आवाजें सुनाई दीं। जिस पर वे जाग गए और सीसीटीवी मॉनीटर पर देखा कि आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश कट्टा, बंदूक, सरिए, लाठी-फरसा आदि से लैस थे। पुजारी ने अंदर से ही आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी। दोनों शोर मचाते हुए बाहर निकले। तभी एक बदमाश ने जान से मारने की नीयत से कट्टे से फायर कर दिया। शोर-शाराबा सुन आसपास के लोग मंदिर की ओर दौड़ पड़े। तब छत पर चढ़ कर फायरिंग कर रहे दो बदमाश भागने के प्रयास में नीचे गिर पड़े। तब तक पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन, चार बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले।

यह ले गए सामान

पुलिस के आने के बाद पुजारी व लोगों ने मन्दिर में सामान की जानकारी की तो प्रतिमा के कान के झुमके, अन्य सोने के आभूषण एवं दानपात्र के करीब 20 हजार रुपए व अन्य सामान बदमाश लूट ले गये। बदमाशो के कुछ औजार भी मंदिर में बरामद हुए हैं।

सीसीटीवी कैमरों को किया क्षतिग्रस्त

डकैत इतने शातिर थे कि प्रवेश से पूर्व उन्होने मंदिर के अंदर-बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, इससे पूर्व ही वे रेकॉर्डिंग में आ गए। सीसीटीवी फुटेज में आधा दर्जन बदमाश हथियारों के साथ दिखाई दे रहे हैं।

घिरने पर की फायरिंग

सभी बदमाश कट्टे-बंदूकों से लैस थे। महंत ने इनके अंदर प्रवेश करते ही खतरा भांपकर आसपास के लोगों को फोन पर सूचना दी। इस पर लोगों ने मंदिर को घेर लिया। जिसकी डकैतों को उम्मीद नहीं थी। घिर जाने पर डकैतों ने जमकर फायरिंग की और भाग निकले।

लोगों में भय का माहौल

शहर में इस प्रकार की दुस्साहसिक घटना पहली बार घटी है। इससे लोगों मे भय का माहौल है। बता दें, राजाखेड़ा क्षेत्र तीन ओर से उत्तरप्रदेश की सीमाओं से घिरा हुआ है। यहां से करीब एक दर्जन स्थानों से होकर मात्र 2-3 किलोमीटर की दूरी से ही उत्तरप्रदेश में सुरक्षित निकलना काफी आसान है। रविवार रात की घटना में भी बदमाश भाग निकले और पुलिस हाथ मलती रह गई।

कई दिन से कर रहे रेकी

स्थानीय लोगों में बताया कि ये बदमाश कई दिन से क्षेत्र में रेकी कर रहे थे। बड़ी वारदात से पहले क्षेत्र के एक वकील के घर से बाइक चोरी हुई थी।

इनका कहना है

सूचना पर गश्त कर रही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। दोनों घायल बदमाशों का उपचार जारी है। अभी वे कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है।

- दीपक खंडेलवाल, पुलिस उपाधीक्षक, मनियां वृत्त