
23 साल बाद पुराना पुल छूने को आतुर चम्बल, खतरे के निशान से छह मीटर ऊपर पहुंची
धौलपुर. कोटा बैराज से की जा रही पानी की निकासी के चलते धौलपुर से निकल रही चम्बल नदी शुक्रवार को इस सीजन के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। वर्तमान में चम्बल पुल खतरे के निशान 129.70 से छह मीटर ऊंचाई 135.70 मीटर पर बह रही है। जबकि पुराना पुल करीब 140 मीटर ऊंचा है। अगर यही वेग रहा तो 23 साल बाद पुराने चम्बल पुल के ऊपर से पानी बह सकता है। इसके चलते पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। ग्रामीण क्षेत्र में पटवारियों को भेजकर लोगों से चम्बल नदी से दूरी बनाए रखने को कहा गया है। सरमथुरा क्षेत्र के झिरी गांव में चम्बल का पानी घुसने पर तहसीलदार ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया है। वहीं शुक्रवार दोपहर को जिला कलक्टर नेहा गिरी तथा पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने चम्बल पुल का निरीक्षण कर बढ़ते जल स्तर की स्थिति देखी। पानी की अधिकता के चलते पुराने चम्बल पुल से आवागमन पर रोक लगा दी गई है। साथ ही पुल के दोनों ओर बेरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है। राजघाट गांव में पानी रोकने के लिए जेसीबी की सहायता से कटाव क्षेत्र में पत्थर लगाए गए हैं। मौके पर एसडीएम कैलाश मीणा, तहसीलदार चिंरजीलाल शर्मा, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सुरेश मीणा सहित पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने लोगों से पुराने चम्बल पुल पर नहीं जाने की नसीहत दी है। आवागमन के लिए नए चम्बल पुल का उपयोग करने को कहा गया है, इसके बावजूद लोग चम्बल नदी को देखने के लिए पुराने पुल पर जा रहे हैं। जिन्हें एसडीआरएफ टीम की आ ेर से सावचेत किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इसी पुल से दो दिन पहले एक महिला व एक वृद्ध ने नदी में छलांग लगा दी थी, जिनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
इनका कहना है
चम्बल नदी में बढ़ते जल स्तर को देखते हुए पुराने पुल पर बेरिकेडिंग लगाकर आवागमन बंद कर दिया गया है। 24 घण्टे पुलिस का जाप्ता तथा एसडीआरएफ की टुकड़ी को तैनात किया गया है, ताकि दुर्घटना नहीं हो।
मृदुल कच्छावा, एसपी, धौलपुर।
चम्बल नदी में बहुत अधिक बहाव है। इसके लिए कोटा, मुरैना कलक्टर के साथ कोटा बैराज के मुख्य अभियंता से निरंतर सम्पर्क मे ं हैं। साथ ही पुलिस-प्रशासन तथा सभी विभागों को अलर्ट किया हुआ है। चम्बल से लोगों को दूर रहने को कहा गया है। अभी और भी पानी बढऩे की संभावना है।
नेहागिरी, जिला कलक्टर, धौलपुर।
यह है पांच साल की स्थिति
वर्ष गेज
2014- 136.40
2015-137.90
2016-137.80
2017-125.40
2018- 131.80
पुराने चम्बल पुल पर आवागमन बंद
पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
धौलपुर. इस बरसाती सीजन पहली बार चम्बल के करीब 135.70 मीटर ऊंचाई पर पहुंचने के बाद प्रशासन ने पुराने चम्बल पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कहा है कि वर्तमान में चम्बल नदी में बढ़े हुए जल स्तर को मध्यनजर रखते हुए तथा पिछले कुछ दिनों में पुराने पुल पर घटित आत्महत्या की घटनाओं को देखते हुए जल स्तर से सचेत रहें तथा नदी के नजदीक ना जाएं।
चम्बल नदी में बढ़ते जल स्तर के कारण पुराने चम्बल पुल पर आवगमन करना खतरनाक है। इसलिये पुराने चम्बल पुल पर आवागमन पर अस्थाई रूप से कुछ दिनों के लिए सम्पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। पुल के दोनों तरफ पुलिस के जवान सुरक्षा के िलए तैनात किए गए हैं। उन्होंने असुविधा से बचने के लिए आवागमन के लिए नए चम्बल पुल का ही प्रयोग करने की सलाह दी है।
लकड़ी के सहारे बहते युवक की सूचना से मचा हडक़म्प
बसई डांग क्षेत्र से एक युवक के चम्बल नदी में बहने तथा लकड़ी के सहारा लिए हुए होने की सूचना से पुलिस-प्रशासन मेें हडक़म्प मच गया। इस पर तुरंत अधिकारी चम्बल पुल पर पहुंचे और हर लकड़ी को ध्यान से देखते रहे। वहीं एसडीआरएफ की टीम को भी मुस्तैद कर दिया गया। जैसे ही कोई लकड़ी आती तो प्रशासन अलर्ट हो जाता है। इसी प्रकार एक लकड़ी के दोनों पर ठूंठ निकले पर होने पर लोगों ने उसे युवक के हाथ समझ लिए, लेकिन जब पास आई तो हकीकत का पता चला। करीब डेढ़ घण्टे तक युवक का इंतजार करने के बाद भी युवक नजर नहीं आया।
Published on:
16 Aug 2019 07:41 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
