- सक्रिय दस्यु जिसकी पुलिस को कई महीनों से थी तलाश - पुलिस ने सोने का गुर्जा क्षेत्र में लगातार चला रखा था सर्च ऑपरेशन- घायल दस्यु को जिला अस्पताल में कराया भर्ती, पैर में गोली लगने से घायल - जिले के सोने का गुर्जा थाना क्षेत्र में सोहन बाबा मंदिर के पास हुई मुठभेड़ Dacoit Keshav Gurjar's news dholpur: धौलपुर. धौलपुर समेत आसपास जिलों में आतंक पर्याय बन चुके इनामी दस्यु केशव गुर्जर को आखिरकार पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। दस्यु कुछ समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।
डकैत केशव गुर्जर का किस्सा....खत्म, डांग क्षेत्र में बन चुका था आतंक पर्याय
- सक्रिय दस्यु जिसकी पुलिस को कई महीनों से थी तलाश
- पुलिस ने सोने का गुर्जा क्षेत्र में लगातार चला रखा था सर्च ऑपरेशन- घायल दस्यु को जिला अस्पताल में कराया भर्ती, पैर में गोली लगने से घायल
- जिले के सोने का गुर्जा थाना क्षेत्र में सोहन बाबा मंदिर के पास हुई मुठभेड़
Dacoit Keshav Gurjar's news dholpur: धौलपुर. धौलपुर समेत आसपास जिलों में आतंक पर्याय बन चुके इनामी दस्यु केशव गुर्जर को आखिरकार पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। दस्यु कुछ समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीम करीब पांच माह से लगातार जिले के सोने का गुर्जा के डांग क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चलाए हुए थी। पुलिस का पिछले दिनों आमना-सामना हुआ लेकिन वह डांग क्षेत्र का फायदा उठाकर भाग निकला। लेकिन रविवार को पुलिस को दस्यु के बारे में सटीक सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक सिंह ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया और बाड़ी सर्किल पुलिस को इलाके में सर्च ऑपरेशन में चला दिया। कई घंटे चली कॉम्बिंग के बाद सोमवार सुबह सोने का गुर्जा थाना क्षेत्र के सोहन बाबा मंदिर के पास पुलिस की दस्यु केशव और उसके साथियों से मुठभेड़ हो गई। दस्यु की ओर से अंधाधुंध फायरिंग की गई जिसके बाद पुलिस बल ने मोर्चा संभाल लिया और जवाबी फायरिंग की। जिसमें केशव घायल होने पर उसके अन्य साथी शीशराम व बंटी मौके से भाग निकले।
पुलिस ने बाद में दस्यु केशव पुत्र माधो सिंह गुर्जर निवासी सुखसिंह का पुरा थाना बसईडांग को पकड़ लिया। उसके दाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जिस पर पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल भिजवाया। केशव के पकड़े जाने की खबर कुछ ही देर में जिले भर में फैल गई। उसके आतंक का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उस पर राजस्थान, मध्यप्रदेश व उत्तरप्रदेश पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से 1.15 लाख रुपए का इनाम घोषित था। इसमें 65 हजार आगरा और 15 हजार रुपए आईजी चंबल जोन ग्वालियर की ओर से घोषित था। केशव गुर्जर पर विभिन्न थानों में करीब 40 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें आगरा, मुरैना, करौली, भरतपुर जिले के भी मुकदमे दर्ज हैं।
बाइक चोर से बना 1.15 लाख का इनामी डकैत
दस्यु केशव पहले बाइक चोर था और दस्यु रहे जगन के साथ घूमता था। उसे पनीर खाना पसंद था। साथ में वह लूट करता। करीब 7-8 साल पहले पकड़े जाने पर वह 4 से 5 साल वह जेल में रहा। छूटने के बाद वह रामलखन निवासी चामडपुरा मासलपुर जिला करौली के साथ दोस्ती की। इसके बाद दोनों लूट शुरू कर दी। आगरा जिले के थाना सदर एक चिकित्सक का अपहरण कर 25 लाख रुपए की फिरौती वसूली।
इसके बाद दोनों ने गिरोह बनाने का निर्णय लिया। नयापुरा कुदिन्ना के रमेश डकैत की मौत के बाद उसके पुत्रों से 303 ली जो केशव के पास में है। रामलखन के सेमी बंदूक है। रामलखन को करौली पुलिस ने पकड़ लिया। केशव से महताब गुर्जर से 306 बंदूक खरीदी। केशव के साथ पहले बंटी पण्डित मुरैना, चामडपुरा निवासी रामलखन, रामनिवास उर्फ खंगार निवासी करन सिंह पुरा, मुकेश, गब्बर, शीशराम केशव के सगे भाई हैं। वर्तमान में गब्बार जेल में और सभी बाहर हैं। मुकेश, नरेश धंधे के लिए बाहर गए हुए हैं। जो मुंबई में टैक्सी चलाते हैं।
गिरोह के सक्रिय सदस्य
केशव के गिरोह में वर्तमान में सक्रिय सदस्य उसका भाई शीशराम, नारायण सिंह निवासी हल्लू का पुरा, लादेन, ऐसवीर पुत्र बच्चू सिंह गुर्जर निवासी मल्लपुरा थाना सरमथुरा है। केशव ज्यादातर पीली कछाह, झज्जोवाई, मोतीकोटरा थाना बसईडांग व खरैंटी, गुलावली, जारेला, हल्लू का पुरा, बंडा पुरा, चंद्रपुरा तोर का सायपुर थाना सरमथुरा सक्रिय रहा है।
तकनीकी से ज्यादा मुखबिरी आई काम
सूत्रों के अनुसार पुलिस दस्यु की तलाशी के लिए लगातार तकनीकी साधनों के साथ डांग क्षेत्र में ड्रोन से भी उसे खोज रही थी। बताया जा रहा है कि पुलिस को इस बार उसकी सटीक सूचना मुखबिरों से मिली। एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि दस्यु केशव पर पूर्व जिला अधीक्षक मदृल कच्छावा व अन्य अधिकारियों ने भी बेहतर कार्य किया था। जिसका पुलिस टीम को काफी सहयोग मिला।
5 नवंबर को भी हुई थी मुठभेड़
5 नवंबर 2022 को भी धौलपुर पुलिस तथा दस्यु की गैंग के बीच जमकर मुठभेड़ हुई थी। जिसमें डेढ़ सौ से अधिक राउंड फायरिंग हुई थी। तब भी चंबल के बीहड़ों का फायदा उठाते हुए दस्यु अपने तीन साथियों के साथ फरार हो गया था।
किरार की ओलेट खिरकारी में 16 नवंबर को मुठभेड़
सोनेका गुर्जा थाना प्रभारी को 16 नवंबर 2022 की सुबह सूचना मिली की केशव अपनी गैंग के साथ किरार की ओलेट खिरकारी में छिपा हुआ है। इस पर इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सुबह करीब 11 बजे पुलिस और दस्यु की मुठभेड़ हो गई। दस्यु गिरोह की ओर से करीब 30-40 राउंड फायर किए गए। पुलिस ने भी 26 राउंड फायर किए। हालांकि, दस्यु केशव, उसका साथी शीशराम गुर्जर व बंटी पंडित फरार होने में सफल रहे।
21 मार्च 2022 की मुठभेड़
डांग क्षेत्र में कॉम्बिंग कर रही पुलिस को 21 मार्च 2022 को मुखबिर से कुख्यात दस्यु केशव गुर्जर, उसके भाई शीशराम तथा साथी बंटी पंडित के एक स्थान पर होने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर सीओ सिटी प्रवेन्द्र महलां के नेतृत्व में बाड़ी सदर थाना पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई। छज्जेवाई के जंगलों में मुखबिर के बताए गए स्थान पर जाकर पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी की और डकैत को समर्पण करने के लिए कहा। इस पर दस्यु केशव तथा उसके साथियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके चलते पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की।
करौली जेल से 2008 में पकड़ा था प्रोडक्शन वारंट पर
दस्यु केशव गुर्जर को बसई डांग थाना पुलिस ने 19 जुलाई 2008 को करौली की जिला कारागार से प्रोडक्शन वारंट पर एक प्रकरण में गिरफ्तार कर धौलपुर जेल में दाखिल कराया था। 23 मार्च 2011 तक न्यायिक अभिरक्षा में रहा। इसके बाद जमानत पर रिहा हो गया और फिर से 1 दिसम्बर 2014 को पुन: न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। 2 फरवरी 2016 को न्यायालय से जमानत पर रिहा हो गया। इस दौरान अपर सेशन न्यायाधीश बाड़ी ने 16 जनवरी 2017 को उसे 10 साल की सजा से दण्डित किया। इसके बाद उसे जेल दाखिल करा दिया। 9 मार्च 2017 को हाईकोर्ट जयपुर से उसे जमानत मिल गई। इसके बाद से वह फरार हो गया। पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोल दी।
अस्पताल परिसर में तैनात की एलएमबी
दस्यु केशव गुर्जर के जिला अस्पताल पहुंचने पर पुलिस सक्रिय हो गई। ट्रोमा वार्ड को पुलिस ने घेराबंदी में ले लिया और मरीज व अन्य लोगों को बाहर रोक दिया। हथियारबंद पुलिस बल ने इमारत को चारों ओर से घेर लिया और परिसर में शाम को एलएमबी वाहन को खड़ा कर दिया। मौके पर स्वयं एएसपी बचन सिंह मीणा, थाना प्रभारी निहालंगज विजय मीणा, एसआई आशुतोष सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ट्रोमा वार्ड में जांच के बाद ही नर्सिंग स्टाफ और चिकित्सकों को प्रवेश दिया जा रहा था। एसपी सिंह ने बाद में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
3 राज्यों से घोषित से है इनाम
दस्यु केशव पर राजस्थान, मध्यप्रदेश व उत्तरप्रदेश से गिरफ्तारी पर इनाम घोषित था। इसमें एसपी धौलपुर व भरतपुर से 5-5 हजार रुपए, रेंज आईजी कार्यालय भरतपुर से 10 हजार, एसएसपी आगरा से 15 हजार, रेंज आईजी कार्यालय आगरा से 50 हजार, चंबल जोन आईजी ग्वालियर 15 हजार एवं एडीजी अपराध शाखा जयपुर कार्यालय की ओर से 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
- दस्यु केशव की गिरफ्तारी पुलिस के लिए काफी महत्वपूर्ण है। वह राजस्थान के टॉप 25 वांछित अपराधियों में शामिल था। पुलिस टीम लगातार उसका पीछा कर रही थी। धौलपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।- गौरव श्रीवास्तव, रेंज आईजी भरतपुर
- इनामी दस्यु केशव की रविवार को सूचना मिली थी। जिस पर इलाके में घेराबंदी की गई। सोमवार को सोने का गुर्जा क्षेत्र में मुठभेड़ में वह घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। बाड़ी सर्किल पुलिस, डीएसटी समेत अन्य अधिकारियों ने अच्छी मेहनत की। पुलिस कर्मियों के नाम इनाम के लिए मुख्यालय भिजवाए जाएंगे।
- धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक, धौलपुर