
- एसपी बोले- महिला अपराधों को रोकने में सभी बने सहभागी
ऑपरेशन गरिमा के तहत महिला.बालिका सुरक्षा अभियान
धौलपुर. पुलिस मुख्यालय राजस्थान के निर्देशन में 16 अप्रेल से 30 अप्रेल 2026 तक संचालित राज्यव्यापी विशेष अभियान के तहत धौलपुर पुलिस ऑपरेशन गरिमा अभियान चला रही है। यह अभियान जिले में महिला व बच्चियों की सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने तथा जन.जागरूकता बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड़ एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिकाऊ प्रकोष्ठ हवा सिंह के सुपरविजन में यह विशेष अभियान व्यापक स्तर पर जारी है। समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें अपने-अपने इलाकों में महिला व बच्चियों को सशक्त बनाने एवं जागरूक करने में प्रयासरत हैं।
इसी क्रम में थानाधिकारी थाना बाड़ी कोतवाली देवेन्द्र शर्मा के निर्देशन में बाड़ी कोतवाली पुलिस ने कोचिंग संस्थानों एवं स्कूलों में छात्राओं को नवीन कानूनों की बारीकियों और आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण सिद्धांतों से अवगत कराया। इसके अतिरिक्त, पुलिस टीम ने कस्बे के कुछ परिवारों से संपर्क कर बच्चों को बालश्रम से दूर रखकर अनिवार्य रूप से स्कूल भेजने के लिए समझाइश की।
अभियान के दौरान गठित विशेष पुलिस टीमें स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजारों, मॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और पार्कों जैसे सार्वजनिक एवं भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर सघन चेकिंग व गश्त कर रही हैं। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है और असामाजिक तत्वों को भविष्य के लिए सख्त चेतावनी दी जा रही है, साथ ही मनचलों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई का भी प्रावधान है। एसपी सांगवान ने ऑपरेशन गरिमा को एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया बताया है और समाज के हर वर्ग से अपील की है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को रोकने में सहभागी बनें तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, दुव्र्यवहार या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या हेल्पलाइन पर दें, ताकि एक सुरक्षित और मर्यादित समाज का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।
यहां पर कर सकते हैं शिकायत
महिला पुलिस अधिकारी व कार्मिक छात्राओं व महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें संवैधानिक अधिकारों के प्रति सचेत कर रही हैं। उन्हें महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 1091, 112 एवं साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित प्रयोग तथा स्टॉकिंग व छेड़छाड़ जैसी घटनाओं से बचाव पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर विशेष निगरानी तंत्र विकसित किया जा रहा है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की गहन जांच हो रही है।
Published on:
19 Apr 2026 08:07 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
