धौलपुर

नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, घरों से लेकर मंदिरों तक मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व

Shri Krishna Janmashtami 2023 news dholpur: धौलपुर. नटवर नागर, नंद के लाला, ब्रज के गोपाला का अवतार होते ही वातावरण हाथी-घोड़ा. पालकी जय कन्हैया लाल की से गूंज उठा। प्रभु श्रीकृष्ण का जन्म होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह छा गया।

4 min read
नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, घरों से लेकर मंदिरों तक मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व

Shri Krishna Janmashtami 2023 news dholpur: धौलपुर. नटवर नागर, नंद के लाला, ब्रज के गोपाला का अवतार होते ही वातावरण हाथी-घोड़ा. पालकी जय कन्हैया लाल की से गूंज उठा। प्रभु श्रीकृष्ण का जन्म होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह छा गया। जन्माष्टमी पर्व पर कान्हा के विविध रूप देखने को मिले। जिले भर में झांकियों के माध्यम से श्रीकृष्ण का जीवन दर्शन श्रद्धालुओं को दिखाया गया। घरों में भी हिंडौले सजाए गए। प्रभु दर्शन और झांकियों की आभा निहारने को गुरुवार शाम से देर रात तक मंदिरों में आस्था से सराबोर श्रद्धालु उमड़ते रहे।

शहर में जन्माष्टमी का पर्व घरों और मंदिरों में धूमधाम से मनाया गया। इसके लिए दिन भर सजावट का सिलसिला चलता रहा। मंदिरों में लाइटिंग के साथ-साथ झांकियां सजाई गईं। दिन भर भजन-कीर्तन होते रहे। रात ठीक 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। हर साल जन्माष्टमी के पर्व का नजारा ही अलग होता है। हर घर में इसके लिए जोरों से तैयारियां होती हैं। घरों में पूजास्थलों को सजाने के साथ ही उपवास भी रखा गया। शहर के मचकुण्ड स्थित लाड़ली जगमोहन मंदिर, राधा बिहारी मंदिर, मदन मोहन मंदिर, राज गुरु मंदिर, कचहरी स्थित कृष्ण राधा मंदिर समेत आधा दर्जन मंदिरों में भव्य सजावट की गई थी। इस मौके मचकुण्ड पर लाड़ली जगमोहन मंदिर में जिला कलक्टर अनिल कुमार अग्रवाल व नगर परिषद सभापति खुशबू सिंह समेत अन्य अतिथियों ने मंदिर पर पहुंचकर दर्शन किए। इसके साथ ही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

दर्जनों मंदिरों में हुई सजावट

पूरे दिन भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां चलती रही। श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर पूजा अर्चना की। रात को 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। जिसके बाद लोगों ने पूजा अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। भगवान श्रीकृष्ण को नई पोशाक पहनाकर विश्राम के लिए हिंडौले में विराजित किया गया। मंदिरों में भी रात 12 बजे लड््डू गोपाल की आरती की गई। जिसके बाद पूरी रात भजन कीर्तन होता रहा। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में सजे बच्चों की भी तिलक लगाकर आरती उतारी गई। भव्य झांकियों ने इस पर्व को और भी खास बना दिया। लाड़ली जगमोहन मंदिर में इस दौरान छप्पन भोग, फूल बंगला एवं आगरा से आई हुए कलाकारों की ओर से कृष्ण की लीलाएं दिखाई गई। इस दौरान शहर के सैंकड़ो की संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।

जयपुर के झूले में झूले नंदलाल

कान्हा के लिए श्रद्धालुओं ने बाजार से मोती और सितारे जडि़त झूले भी खरीदे हैं। जयपुर से आए लकड़ी की नक्काशी से बने यह झूले बाजार में सौ रुपए से लेकर चार रुपये तक उपलब्ध रहे। इसके साथ ही पीतल के झूले भी लोग खरीद रहे थे। कान्हा के श्रंगार के लिए श्रद्धालुओं ने मोर पंख खरीदने को उत्साह दिखाया। शहर के आसपास गांव के कई युवक मोर पंख बाजार व गलियों में बेच रहे थे। एक मोर पंख छोटा 10 रुपए का बेच रहे थे। वहीं बड़ा मोर पंख 15 रुपए में बिका।

श्रीकृष्ण पोशक में सजाएं बच्चे

कन्हैया के स्वरूप में बच्चों को सजाने के लिए बाजार से पीले रंग की पोशाक को लोगों ने खूब खरीदा इसके साथ ही बच्चों के नाम की पोशाक खरीद रहे थे। छोटे बच्चों को सजाकर कन्हैया के रूप में बच्चे घरों में तथा मंदिरों में नजर आ रहे थे।

कृष्ण जन्माष्टमी पर शहर में दिखा उत्साह, जगह-जगह हुए आयोजन

बाड़ी. कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर गुरुवार को कस्बे में जगह-जगह कृष्ण वेशभूषा में घूमते हुए बच्चे दिखाई दिए। वहीं कई जगह सामूहिक तौर पर मिलकर झांकियां सजाई गईं। जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु देर शाम को निकले और सभी स्वरूपों के आगे हाथ जोड़ मस्तक नवाया। बाड़ी शहर में प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन ुहुआ। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखा गया जो कि अद्र्ध रात को श्रीकृष्ण के जन्म होने के बाद खोला। इस दिन संपूर्ण दिनभर श्रद्धालु बाजार में घूमते रहे और जगह-जगह भगवान कृष्ण के गीत डीजे पर बजाकर गुनगुनाते रहे। उधर, कस्बे में तुलसी वन रोड स्थित अपना घर आश्रम बाड़ी में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया। आश्रम पर सजावट की गई। प्रभुजनों के बीच में से श्याम सुंदर प्रभु जी को भगवान श्री कृष्ण का अवतार बनाया गया। प्रभुजनों के साथ सभी लोगों ने कृष्ण भजन नृत्य गानों के साथ कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। इस मौके पर सुमन बंसल, शालिनी गर्ग एवं डॉ.निरमा सिंघल की खासी भूमिका रही। कार्यक्रम में अपना घर के राष्ट्रीय संयोजक सचिव सुनील गर्ग, अध्यक्ष कमलेश गर्ग, उपाध्यक्ष मनोज मोदी, सचिव उषा मित्तल, रामनिवास गर्ग, गोपाल दास गर्ग, राकेश गर्ग, बंटू गर्ग, कार्यालय प्रभारी राजकुमार गर्ग, सोनेराम, नितेश प्रजापति, भगवान दास, पिंटू, राकेश आदि मौजूद थे।

विद्यालयों में भी मनाया कृष्ण जन्म उत्सव

कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर अवकाश होने के चलते विभिन्न स्कूलों में कृष्ण जन्म उत्सव मनाया गया। अभिभावक छोटे बच्चों को कृष्ण व राधा के स्वरूप में सजाकर विद्यालय ले गए। वेशभूषा में सजे हुए बाल गोपाल रास्तों से निकलते हुए अपनी अलग छटा बिखेरते दिखे। गुरुवार को कृष्णा विधा पीठ स्कूल में कृष्णा जन्माष्टमी त्योहार पर कार्यक्रम पर आयोजन हुआ। बच्चे कृष्णा और राधा के रूप में स्वरूप बनकर आए और राधा कृष्ण की बाल लीलाओं का चित्रण किया। प्राचार्य महेश पाराशर ने कहा की हमारे देश का हर त्योहर बुरा पर अच्छा की जीत का प्रतीक है। कार्यक्रम के अंत में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। शहर के किला परिसर स्थित दाऊजी का मंदिर, गुम्मट मंदिर एव सैंपऊ रोड पर स्थित लव कुश वाटिका मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। अग्रवाल फाउंडेशन के अध्यक्ष अंशुल गर्ग एवं सचिव अशोक गोयल ने बताया कि धार्मिक आयोजनों में इस बार लोगों में खासा उत्साह दिखा है।

धौलपुर. शहर के राधा बिहारी मंदिर में पर गुरुवार को जन्माष्टमी पर्व पर विशेष आयोजन हुआ। मंदिर पर विशेष साज-सज्जा और लाइटिंग की गई। शाम होते ही श्रद्धालुओं का दर्शनों के लिए पहुंचना शुरू हो गया। शाम सात बजे बाद मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। हालत ये थी कि मंदिर परिसर में पैर रखने के लिए भी जगह नहीं बची। राम भक्त मण्डल कमेटी के सदस्यों की ओर से मंदिर पर विशेष साज-सज्जा करवाई गई। वहीं, समिति सदस्यों ने श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की।

Published on:
08 Sept 2023 11:18 am
Also Read
View All

अगली खबर