
- स्टेशन अब होंगे 6 फ्लेटफार्म, अतिरिक्त प्लेटफार्म का चल रहा कार्य
- अमृत भारत योजना में स्टेशन को आधुनिक और पुनर्विकास कार्य
धौलपुर. उत्तर-मध्य रेलवे जोन का राजस्थान का प्रमुख रेलवे स्टेशन धौलपुर का इस साल सितम्बर-अक्टूबर तक नया लुक दिखाई देगा। धौलपुर स्टेशन भी अब बड़े महानगरों की तर्ज पर पूर्ण सुविधाओं से सुसज्जजित होगा। केन्द्र की अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत धौलपुर रेलवे स्टेशन का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास कार्य चल रहा है। इस कार्यों पर 30.29 करोड़ रुपए का बजट खर्च हो रहा है। उधर, रेलवे स्टेशनका नवीन भवन बनकर तैयार है, बस अब स्टेशन पर प्लेटफार्म, एफओबी ओर लिफ्ट इत्यादि के कार्य हो रहे हैं, जिस पर संभवतया आगामी दीपावली के त्योहार पर जिलेवासियों को गिफ्ट मिलेगा।
गौरतलब रहे कि धौलपुर स्टेशन से प्रतिदिन करीब 17 से 18 हजार यात्री यात्रा करते हैं। यहां पर करीब अप-डाउन लाइन पर 28 यात्री ट्रेनों का ठहराव होता है। दिल्ली-मुंबई लाइन पर होने से धौलपुर अधिकतर महानगरा से रेल से जुड़ा है।
एफओबी के पिलर खड़े, अब बनेगा ऊपरी हिस्सा
रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में 5 प्लेटफार्म हैं। इसमें एक लूप लाइन का शामिल है। वहीं, एक नवीन प्लेटफार्म पुरानी नेरोगेज लाइन की तरफ एक अन्य कंट्रोलिंग इमारत के सामने बनकर तैयार हो रहा है। इस अतिरिक्त प्लेटफार्म के बनकर तैयार होने पर स्टेशन पर कुल 6 प्लेटफार्म से ट्रेनों की आवाजाही रहेगी। वहीं, इन प्लेटफार्मों को जोडऩे के लिए एक फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण कार्य हो रहा है। इस एफओबी के जुलाई 2026 तक बनकर तैयार होने की उम्मीद है। वर्तमान में लोहे के भारी पिलरों का ढांचा प्लेटफार्मों पर खड़ा हो चुका है। यह मुख्य एफओबी ही स्टेशन के नवीन भवन को सीधे जोड़ेगा। यात्री मुख्य भवन में ऊपरी मंजिल से होते हुए इस एफओबी के जरिए अन्य प्लेटफार्म तक आ-जा सकेंगे। जबकि दो अन्य एफओबी से पहले से बने हुए हैं।
बड़े महानगरों की तरह स्टेशन होंगी 2 लिफ्ट
आगामी दिनों में धौलपुर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का खासा विस्तार होगा। स्टेशन पर यात्रियों के लिए बड़े महानगरों के स्टेशन की तर्ज पर दो लिफ्ट की सुविधा रहेगी। दोनों लिफ्ट के सितम्बर 2026 तक बनकर तैयार होने की समय सीमा निर्धारित है। लिफ्ट बनने से बुजुर्ग, महिला और दिव्यांग यात्रियों को सहुलियत मिलेगी। दोनों यात्रियों को तीन मुख्य प्लेटफार्म को कनेक्ट करेगी।
ब्राड गेज लाइन के फ्लेटफार्मों का निर्माण द्वितीय चरण में
उधर, जिले की महत्वपूर्ण रेल परियोजना धौलपुर-सरमथुरा-करौली लाइन पर सरमथुरा तक कार्य लगातार चल रहा है। इस परियोजना का सरमथुरा तक का हिस्सा इस साल दिसम्बर 2026 तक पूर्ण होने का अनुमान है। ट्रेक अब बाड़ी कस्बा से आगे की तरफ बिछ रहा है। अभी रेलवे की ओर से जमीन अधिग्रहण को लेकर भूमि मालिकों को करीब 1 अरब की अवार्ड राशि जारी की जा चुकी है। करीब 60 से 70 करोड़ रुपए की राशि आगामी दिनों में जारी होगी। धौलपुर-सरमथुरा ब्रॉड गेज लाइन के दो नए फ्लेटफार्म निर्माण का कार्य प्रस्तावित है लेकिन यह द्वितीय चरण में होगा। अभी धौलपुर से सरमथुरा तक प्रथम चरण का कार्य चल रहा है। इसकी वजह करौली जिले से होकर जाने वाली रेलवे लाइन के लिए अभी सर्वे कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। जिसके बाद ही डीपीआर तैयार होगी। इसके चलते द्वितीय चरण के कार्य में देरी की आशंका है।
- धौलपुर स्टेशन की नवीन इमारत का कार्य पूर्ण हो चुका है। मुख्य एफओबी और लिफ्ट समेत अन्य कार्य चल रहे हैं। इसके पूर्ण होने से यात्रियों को खासी सुविधा मिलेंगी।
- प्रशस्ति श्रीवास्तव, पीआरओ, आगरा रेल मंडल
Published on:
09 Apr 2026 06:59 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
