5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शुक्रिया उपराष्ट्रपतिजी…. आपके आने की सूचना से अफसरों की नींद तो टूटी

धौलपुर. खराब मौसम के चलते उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का मंगलवार को करौली व धौलपुर का दौरा रद्द हो गया। उपराष्ट्रपति को धौलपुर समेत करौली व भरतपुर कार्यक्रमों में शामिल होना था।

2 min read
Google source verification
Thank you Vice President... the officers lost their sleep due to the news of your arrival.

शुक्रिया उपराष्ट्रपतिजी.... आपके आने की सूचना से अफसरों की नींद तो टूटी

धौलपुर. खराब मौसम के चलते उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का मंगलवार को करौली व धौलपुर का दौरा रद्द हो गया। उपराष्ट्रपति को धौलपुर समेत करौली व भरतपुर कार्यक्रमों में शामिल होना था। लेकिन धौलपुर व करौली में मौसम खराब होने के चलते अंतिम समय में दौरे को रद्द करना पड़ा। वे वायुसेना के विशेष विमान से आज सुबह ग्वालियर पहुंचे। वहां से हेलीकॉप्टर से पहले करौली और फिर धौलपुर जाना था।

लेकिन खराब मौसम के कारण उपराष्ट्रपति का हेलीकप्टर ग्वालियर से उड़ान नहीं भर सका। विलंब के बाद मौसम में सुधार होने पर उपराष्ट्रपति ग्वालियर से रवाना हुए। लेकिन करौली में खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उतर नहीं सका। फिर धौलपुर में उतारने का प्रयास किया लेकिन खराब मौसम के चलते यहां भी संभव नहीं हो पाया और उपराष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर वापस ग्वालियर चला गया। यहां से वे अपने विशेष विमान से आगरा के लिए रवाना हुए, जहां से वह संभाग मुख्यालय भरतपुर पर आयोजित कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए। उधर, राष्ट्रपति का दौरा भले ही अंतिम समय में रद्द हो गया हो लेकिन इससे धौलपुर के निवासियों को कुछ राहत मिली। सरकारी एजेंसियों के अधिकारी जो दफ्तरों में बैठ कर केवल दिशा-निर्देश देकर काम चला रहे हैं, वे पिछले दो दिन से सडक़ों पर पसीना बहाते दिखे। लोगों ने कई अधिकारियों के चेहरे पहली दफा देखे।

हालांकि, शहर के लोगों के लिए उपराष्ट्रपति का दौरा भले ही निरस्त हो गया लेकिन इसके बावजूद लोगों ने उन्हें गड्ढे भरवाने और कुछ-कुछ जगहों से पानी निकलवाने के लिए शुक्रिया बोला। लोगों का कहना था कि वीवीआईपी आते रहे, जिससे शहर की कुछ सूरत तो बदलेगी। हालांकि, शहर की कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बदस्तूर जारी है। यहां लोग प्रशासन को कोसते नजर आए।

पुलिसकर्मी सडक़ों पर करते रहे ड्यूटी

उपराष्ट्रपति के ग्वालियर से वाया सडक़ मार्ग से आने की खबर से पुलिस प्रशासन सतर्क दिखा। यहां हाइवे एनएच 44 पर वाटर वक्र्स से लेकर सर्किट हाउस तक पुलिस कर्मी सडक़ किनारे खड़े रहे और अधिकारी उनके आने का इतंजार करते दिखे। हालांकि, दौरे को लेकर स्थिति कई घंटों तक स्पष्ट नहीं हो पाई। दोपहर करीब 12.30 बजे जाकर दौरा निरस्त होने की जानकारी मिली।

मचकुण्ड रोड के भरे गड्ढे, जगदीश तिराहे से निकला पानी

उपराष्ट्रपति के दौरे के चलते सोमवार को दिनभर अधिकारी व कर्मचारी मुस्तैद दिखे। मचकुण्ड रोड पर सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मी सडक़ को चमकाते दिखे। वहीं, मचकुण्ड की विद्युत आपूर्ति भी बहाल हो गई जो खराब पड़ी होने से अंधेरा बना हुआ था। यहां पीडब्ल्यूडी अधिकारी गड्ढों को भरवाते नजर आए। कई गड्ढे तो चौबीस घंटे में दो दफा भरवाए। इधर, जगदीश टॉकीज के पास हाइवे पर जमा पानी को आखिरकार देर रात निकाल दिया। हालांकि, बाड़ी रोड पर 132 केवी स्टेशन के पास कर्मचारी दिनभर पानी निकालते रहे। वहीं, नदारद रहने वाले एनएचएआई प्रशासन फटकार के बाद बाड़ी रोड पर गड्ढों की मरम्मत कराते दिखा। दौरे के चलते सर्किट हाउस भी चमक उठा।