
यूथ कांग्रेस चुनाव: जोश में धौलपुर के युवा, यहां संभाग समेत प्रदेशभर में सर्वाधिक प्रत्याशी
यूथ कांग्रेस चुनाव: जोश में धौलपुर के युवा, यहां संभाग समेत प्रदेशभर में सर्वाधिक प्रत्याशी
- जिलाध्यक्ष के लिए 24 ने किया नामांकन
- संभाग में सबसे कम 8 प्रत्याशी करौली से
Youth Congress Election news: धौलपुर. विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के युवाओं की टोली चुनावी मैदान में उतर चुकी है। इस महीने प्रदेशभर में होने वाले यूथ कांग्रेस के चुनाव के लिए ऑनलाइन सदस्यता अभियान जोरों पर है। कई जिलों में जहां जिलाध्यक्ष की राह थोड़ी आसान है तो कई जिलों में काफी कड़ी टक्कर भी है। धौलपुर जिले में प्रदेशभर में सर्वाधिक 24 युवाओं ने जिलाध्यक्ष के लिए ठोकी है। वहीं, जैसमेलर जिले में महज दो ही दावेदार मैदान में हैं। जबकि संभाग के करौली में आठ, भरतपुर में 10 और सवाई माधोपुर में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, यदि प्रदेश अध्यक्ष पद की बात करें तो प्रदेश में 15 युवा नेता मैदान में हैं। इसके अलावा जनरल सचिव के लिए 216 युवा मैदान में उतरे हैं।
निवर्तमान अध्यक्ष समेत 24 प्रत्याशी
प्रदेश में सर्वाधिक जिलाध्यक्ष प्रत्याशी धौलपुर और जयपुर ग्रामीण में ही हैं। धौलपुर में निवर्तमान जिलाध्यक्ष तरुण शर्मा, कमलेश त्यागी, श्रीराम लोधा, शैलेन्द्र कंसाना, शशांक कौशिक, अजीत पुरोहित, भारतभूषण त्यागी समेत अन्य प्रत्याशी शामिल हैं।
एक कार्यकर्ता को चार वोट का मौका
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को चार वोट का मौका मिलेगा। ऑनलाइन सदस्यता लेने वाले सदस्य प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश सचिव, संबंधित जिले के जिलाध्यक्ष व संबंधित विधानसभा के प्रत्याशी के लिए वोट कर सकेंगे।
27 फरवरी तक सदस्यता अभियान
युवा कांग्रेस में 11 से 18 जनवरी तक नामांकन की प्रक्रिया चली, इस दौरान संगठन के प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिलाध्यक्ष एवं विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किए हुए। वहीं 28 जनवरी से 27 फरवरी तक संगठन का ऑनलाइन सदस्यता अभियान जारी रहेगा। इसमें प्रत्याशियों की ओर से युवाओं की ऑनलाइन सदस्यता कराई जा रही है। सदस्यता के लिए वोटर आईडी जरूरी होगी। वहीं, प्रति सदस्य 50 रुपए सदस्यता शुल्क भी ऑनलाइन जमा कराना होगा। ऑनलाइन सदस्यता मिलने के साथ ही वह सदस्य अपने पसंदीदा प्रत्याशी को ऑनलाइन वोट भी कर सकेंगे।
कांग्रेस से महंगी यूथ कांग्रेस की सदस्यता
कांग्रेस के अग्रिम संगठन युवा कांग्रेस की सदस्यता लेने के लिए युवाओं को 50 रुपए फीस देनी पड़ रही है। जबकि खुद कांग्रेस संगठन की सदस्यता 5 रुपए फीस जमा कराने पर ही मिल जाती है। युवा कांग्रेस के सदस्य बनने वाले ज्यादातर युवा बेरोजगार हैं। युवा कांग्रेस की सदस्यता तीन साल के लिए होती है।
प्रदेशाध्यक्ष प्रत्याशी कर रहे संपर्क
उधर, प्रदेशाध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल युवा नेता जिले में भी यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संपर्क कर रहे हैं। हाल ही में प्रदेशाध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल झुंझुनूं के सुधीन्द्र मूण्ड धौलपुर आए और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी।
नेताजी चुका रहे सदस्यता का पैसा
कई दावेदार खुद नए सदस्यों की सदस्यता शुल्क की 50 रुपए की राशि चुका रहे हैं। चुनाव में कई जिलों में जमकर धनबल भी सामने आ रहा है। रविवार देर शाम तक साढ़े पांच लाख से अधिक कार्यकर्ता ऑनलाइन सदस्यता के लिए आवेदन कर चुके थे। इनमें से 3.47 लाख ने ही 50 रुपए का शुल्क ऑनलाइन जमा कराया है। जबकि 2.12 लाख ने शुल्क जमा नहीं कराया।
टेबल...
संभाग की स्थिति
जिला जिलाध्यक्ष प्रत्याशी
धौलपुर 24
भरतपुर 10
करौली 8
सवाईमाधोपुर 13
इनका कहना है
युवाओं में यूथ कांगे्रस चुनाव को लेकर उत्साह है। आंतरिक लोकतंत्र के कारण सभी को आगे बढऩे का समान अवसर मिलता है। धौलपुर में कांग्रेस की जड़ें गहरी हैं। इसीलिए यहां से सर्वाधिक प्रत्याशी भी हैं।
- पं. दुर्गादत्त शास्त्री, पूर्व जिलाध्यक्ष, कांग्रेस, धौलपुर
Published on:
07 Feb 2023 05:26 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
