फिल्मी स्टाइल में 01 ही दिन में 15 अपराधियों को घरों से दबोचा
डूंगरपुर. जिले में अपराध की शह पर अपना वर्चस्व स्थापित कर आमजन को भयभित करने वाले अपराधियों की शामत आ गई है। लम्बे समय बाद जिला पुलिस एक्शन मोड में है। एक के बाद संगीन अपराधों के खुलासे और आरोपियों की धरपकड़ के बीच मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के निर्देशन में डूंगरपुर पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में एक साथ आरोपियों की धरपकड़ कर एक साथ 15 आरोपियों को दबोचते हुए 19 चोरियों व एक लूट की वारदात का खुलासा किया है। इनमें कई आरोपित संगीन अपराधों से भी जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है तथा इन्होंने बड़े-बड़े शहरों में भी अपराध को अंजाम दिया है।
पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने बताया कि दोवड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों को लेकर पुलिस ने सोमवार को कजड़ी घाटा निवासी किरण उर्फ करण पुत्र वेलजी कलासुआ, धनराज पुत्र केशु कलासुआ, नरेश उर्फ नकुल पुत्र केशु कलासुआ व हरीश पुत्र जगदीश को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सात चोरियों की वारदात करना कबूला है। वहीं, आरोपियों से पुलिस ने स्पोर्ट्स बाइक व महंगे मोबाइल, एलईडी भी जब्त की है।
आठ आरोपी व बाल अपचारी डिटेन
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साबला पुलिस ने मोटर साइकिल व अन्य सामान चोरी करने के मामले में आठ आरोपियों व बाल अपचारी को डिटेन किया।
पुलिस ने भोडऩ का वेला धोलीरेड फला निवासी नानुराम पुत्र उदिया बरगोट, धनपाल पुत्र जगला मीणा, नानुराम पुत्र उदिया बरगोट, नांदली अहाड़ा सवेला फला निवासी पप्पु उर्फ प्रभुलाल पुत्र मावला बरगोट, मनोज उर्फ महेश पुत्र पासिया मीणा, मला सड़ा फला निवासी कल्पेश पुत्र नाथू डामोर, हमीरपुरा निवासी शंकर पुत्र कचरुलाल गायरी व माल सड़ा फला निवासी ईश्वर पुत्र वालिया डामोर को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस ने एक बाल अपचारी को डिटेन किया। एसपी ने बताया कि आरोपियों ने सोशल मीडिया पर सरकार राइडर नाम से एक गु्रप बना रखा है। इस गु्रप में १५० से अधिक युवा जुड़े हुए। यह युवा मौज-शौक पुरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं।
लूट का आरोपी पकड़ा
कोतवाली पुलिस ने भी रात के अंधेरे में राहगीरों को रोककर मारपीट एवं लूट की वारदात को अंजाम देने के मामले में सोमवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि २० मार्च २०२३ को रेड़ा फला स्कूल के पास बदमाशों ने एक मोटर साइकिल रोककर महिला की कान के झुमके, चांदी का कड़ा, चांदी की लक्की व पांच हजार रुपए लूट कर ले गए। लूट के बाद बदमाशों ने राशि आपस में बांट ली।
इन वारदातों को कबूला
आरोपियों ने बनकोड़ा गांव में एक मकान से एलईडी टीवी व सामान चोरी करना।
स्वामी विवेकानंद कॉलेज पुनाली में सोने व चांदी के जेवरात व अन्य सामान चोरी करना।
रामगढ़ में एक मकान से दो मशीन व अन्य सामान चोरी करना।
पुनाली में एक होटल से नकदी व इलेक्ट्रीक सामान चोरी करना।
गड़ासिहालिया में मकान में चोरी करना।
गेंहूवाड़ा में एक सरकारी स्कूल में चोरी करने का प्रयास।
मुंबई में कांदीवली पोश इलाके में एक मकान से चोरी करने की वारदात कबूली।
इन्होंने लगाई अपराधियों के पीछे दौड़
कार्रवाई में दोवड़ा थानाधिकारी हेमंत चौहान, हैडकांस्टेबल सुशील कुमार, सुरेश कुमार, कांस्टेबल पुष्पेन्द्र सिंह, भंवर सिंह, राजेन्द्र, प्रकाश, साइबर सैल से हेमेन्द्र सिंह, राहुल, साबला थानधिकारी रिजवान खान, हैडकांस्टेबल मानशंकर, मनोज कुमार, कांस्टेबल जयपाल सिंह, राजेन्द्र सिंह, हर्षवर्धन सिंह, दिनश, कोतवाली थानाधिकारी सुरेंद्र सोलंकी, हैडकांस्टेबल जयसिंह, कांस्टेबल मगन, यशपाल सिंह, जितेन्द्र शामिल थे।