डूंगरपुर. लोकतंत्र के महापर्व विधानसभा चुनाव 2023 में मतदान के लिए जिले भर में सुबह से ही उत्साह नजर आया। जिला प्रशासन की ओर से मतदाताओं की सुविधा के मद्देनजर जिले में 1017 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। शहर सहित कई गांवों में सुबह सात बजे से ही आमजन मतदान के लिए केंद्र पर आना शुरू हो गए। प्रशासन की ओर से हर केन्द्र पर पुख्ता सुरक्षा बल तैनात रहे। नव मतदाताओं ने जहां उत्साह के साथ मतदान कर अमिट स्याही दिखाते हुए सेल्फी ली। वहीं नौकरीपेशा और व्यापारियों ने अपने कामकाज को देखते हुए सुबह ही मतदान करना जरूरी समझा। गौरतलब है कि निर्वाचन विभाग के अनुसार जिले में कुल 1059532 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाता 538433, महिला मतदाता 521087 और थर्ड जेंडर मतदाता 12 है। जिले में कुल 1017 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।