3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बांसवाड़ा पहुंची भारत जोड़ो न्याय यात्रा: राहुल गांधी बोले- आदिवासियों की जल, जंगल, जमीन की लड़ाई हमारी लड़ाई

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी गुरुवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर बांसवाड़ा शहर में पहुंचे। यहां कॉलेज मैदान में सभा में राहुल ने घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए युवाओं के लिए भर्ती, भरोसा, पहली नौकरी पक्की, पेपर लीक से मुक्ति, युवा रोशनी जैसे पांच संकल्प दोहराए।  

2 min read
Google source verification
आदिवासियों की जल, जंगल, जमीन की लड़ाई हमारी लड़ाई - राहुल

आदिवासियों की जल, जंगल, जमीन की लड़ाई हमारी लड़ाई - राहुल

बांसवाड़ा. लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी गुरुवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर बांसवाड़ा शहर में पहुंचे। यहां कॉलेज मैदान में सभा में राहुल ने घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए युवाओं के लिए भर्ती, भरोसा, पहली नौकरी पक्की, पेपर लीक से मुक्ति, युवा रोशनी जैसे पांच संकल्प दोहराए।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधने के साथ ही कहा कि देश में 50 प्रतिशत पिछड़े, आठ प्रतिशत आदिवासी, 15 प्रतिशत दलित एवं 15 प्रतिशत अल्पसंख्यक है। देश में 90 प्रतिशत पिछड़े, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक होने के बावजूद भागीदारी कहीं पर भी नजर नहीं आ रही हैं। राहुल ने कहा कि देश की राष्ट्रपति आदिवासी है, लेकिन राम मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव में क्या उनका चेहरा दिखा। वहां किसान, मजदूर, गरीब, आदिवासी नहीं था। वहां उद्योगपति, अरबपति थे। देश में पांच प्रतिशत जो लोग है वो हर संस्था को नियंत्रित कर रहे हैं। ये हिन्दुस्तान की प्रगति का सबसे बड़ा सवाल हैं।

प्रगति करनी है तो एक ऐतिहासिक कार्य करना होगा। चोट लगने पर डॉक्टर कहता है एक्स रे कराओं। गरीब को चोट लग रही है ऐसे में एक्स रे व साथ में एमआरआई भी करा लो। राहुल ने कहा कि यह समझना होगा कि कितना पैसा किसके हाथों में है एवं कौनसी संस्था किसके नियंत्रण में है, ये पता करने पर आपको आपकी सच्ची शक्ति समझ में आएगी। राहुल ने अपने भाषण में जाति जनगणना की बात करने के साथ ही कहा कि आदिवासियों की जल, जंगल, जमीन की लड़ाई हमारी लड़ाई है। इसके लिए हम आपके साथ खड़े है।

जो गरीबों को बर्बाद कर रहा, उसके भजन कर रहे - राष्ट्रीय अध्यक्ष
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस गरीबों के बारे में सोचती हैं। यह विचार करना होगा कि क्या भाजपा गरीब के बारे में सोच रही हैं। भाजपा सरकार में हर काम बंद हो रहा है। हमारी ओर से मजबूत की गई मनरेगा, अनिवार्य शिक्षा आदि को भाजपा ने कमजोर करने का काम किया है। जो-जो भी अच्छे कानून हम लाते हैं, उसे भाजपा बंद करने का काम करती हैं।

हम काम करने के बावजूद हारते है ये बात चुभती हैं। ऐसे में यदि आप भाजपा को मजबूत करेंगे तो यह देश के लिए धोखा होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सरकार बनने पर हमारी घोषणा है कि युवाओं के लिए भर्ती भरोसा, पक्की नौकरी, पेपर लीक से मुक्ति, गरीबों के लिए आर्थिक न्याय व सामाजिक सुरक्षा, युवा रोशनी पर फोकस रहेगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हमारी गारंटी मोदी जैसी नहीं हैं। हमारी गारंटी पक्की गारंटी होती हैं। नोटबंदी-जीएसटी से लोगों को बर्बाद किया। जो गरीबों को बर्बाद कर रहा है ,उसके भजन कर रहे हो। आप सभी एक रहेंगे तो मोदी सत्ता से भागेगा। ऐसे में आप सबकी एकता की जरूरत हैं।

हाथ हिलाकर अभिवादन
इससे पूर्व यात्रा मध्यप्रदेश के कुंडा से बांसवाड़ा जिले की सीमा में प्रवेश किया। दानपुर से लेकर शहर में पहुंचने तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों ने स्वागत किया। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने ढोल कुंडी की थाप पर गेर नृत्य के माध्यम से यात्रा का परंपरागत रूप से भी स्वागत किया।


बांसवाड़ा जिला मुख्यालय पहुंचने से पूर्व कुछ जगह वाहन नहीं रूकने से काफिले के बीच ही कार्यकर्ताओं को स्वागत करना पड़ा। राहुल गांधी ने हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। यात्रा को लेकर सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा।

Story Loader