
व्हाट्सएप पर हुई अश्लील ब्लैकमेलिंग! फर्जी इंस्टाग्राम ID बनाकर महिला को बदनाम काने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार(photo-patrika)
Fake Instagram ID Blackmailing: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोशल मीडिया के जरिए महिला को बदनाम करने और ब्लैकमेल करने के गंभीर मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला की तस्वीरों से छेड़छाड़ की और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इस घटना ने एक बार फिर साइबर अपराध के बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है।
पीड़िता ने उतई थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपी राधेलाल माहरा ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। शुरुआत में यह सामान्य बातचीत की तरह लगा, इसलिए पीड़िता ने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। इसके बाद आरोपी ने धीरे-धीरे उससे बातचीत बढ़ाई और लगातार संपर्क में रहने लगा, जिससे वह भरोसा जीतने की कोशिश करता रहा।
कुछ समय बाद आरोपी ने पीड़िता से व्हाट्सएप पर संपर्क किया और उसे अश्लील तस्वीरें भेजनी शुरू कर दीं। इसके बाद उसने पीड़िता की तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक रूप में तैयार किया और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी लगातार पीड़िता को अशोभनीय और अभद्र मैसेज भेजता रहा। उसने न केवल धमकी दी बल्कि कुछ तस्वीरों को सोशल मीडिया पर शेयर भी किया, जिससे पीड़िता को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा।
आरोपी ने पीड़िता पर अपनी मांगें पूरी करने का दबाव बनाया और चेतावनी दी कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह और तस्वीरें वायरल कर देगा। पीड़िता ने साहस दिखाते हुए उसकी मांगों को ठुकरा दिया और पुलिस का सहारा लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालोद जिले के ग्राम कोहगाटोला में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने तीन अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर यह पूरी साजिश रची थी। वह इन आईडी के जरिए पीड़िता को लगातार परेशान कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसमें चैटिंग से जुड़े कई अहम सबूत और स्क्रीनशॉट मिले हैं। इन्हें जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सतर्कता ही ऐसे अपराधों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
Updated on:
04 Apr 2026 11:29 am
Published on:
04 Apr 2026 11:28 am
बड़ी खबरें
View Allदुर्ग
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
