राजस्थान के बिट्स पिलानी से फार्मेसी में ग्रेजुएट डॉ. राजेंद्र जोशी ने दुनियाभर में कई खतरनाक बीमारियों के खिलाफ दवा का आविष्कार किया है।
नई दिल्ली। पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है, मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है।आज इसी सोच के साथ राजस्थान के सीकर जिले के एक छोटे से शहर डूंडलोड में जन्मे डॉ. राजेंद्र जोशी दुनियाभर में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। राजस्थान के बिट्स पिलानी से फार्मेसी में ग्रेजुएट डॉ. राजेंद्र जोशी ने दुनियाभर में कई खतरनाक बीमारियों के खिलाफ दवा का आविष्कार किया है। आज दुनियाभर में उनके नाम पर 320 पेटेंट हैं। डॉ. राजेंद्र जोशी आज देश में कई संस्थानों का संचालन करते हुए पूरे देश में राजस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।
स्विट्जरलैंड को बनाया कर्मभूमि
डॉ. राजेंद्र जोशी अपने सपनों को पूरा करने के लिए बिट्स पिलानी से ग्रेजुएशन के बाद उच्च शिक्षा के लिए चेकोस्लोवाकिया गए। यहां उन्होंने पहले एक प्रोफेसर और बाद में एक उद्यमी के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनाई। इसके बाद डॉ. जोशी स्विट्जरलैंड जाकर बस गए। इस दौरान डॉ. जोशी ने कई कंपनियों में कार्य किया और कई गंभीर बीमारियों की दवा बनाई। डॉ. जोशी ने 1989 में ज्यूरिख की फार्मासिस्ट उर्सुला जोशी से शादी कर ली।
राजस्थान की सेवा के लिए की वतनवापसी
स्विट्जरलैंड में करीब चार दशक गुजारने के बाद डॉ. राजेंद्र जोशी अपनी पत्नी के साथ राजस्थान की सेवा का सपना लेकर अपने वतन भारत वापस लौट आए। यहां दोनों ने युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने के लिए आरयूजे चैरिटेबल ट्रस्ट की स्थापना की गई। इस ट्रस्ट के अंतर्गत आरयूजे समूह ने भारतीय स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी नाम से निजी यूनिर्वसिटी का गठन किया गया। इस यूनिर्वसिटी में युवाओं को व्यावसायिक स्नातक की डिग्री के साथ उन्हें रोजगारपरक शिक्षा दी गई। इसके बाद युवाओं को स्विस ड्यूल सिस्टम ऑफ एजुकेशन के महत्व को साबित करने के लिए नौकरियां दी गईं।
कई कंपनियों का गठन
भारतीय स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी से पास होने वाले युवाओं को नौकरी देने के उद्देश्य से आरयूजे ग्रुप ने राजस्थान में कई कंपनियों का गठन भी किया। आरयूजे समूह की ओर से सबसे पहले स्विस कंपनी के साथ मिलकर एक प्रीसिशन यूनिट आरएस इंडिया की स्थापना की। इसके अलावा समूह की ओर से एयर कंडीशनिंग क्षेत्र में में डायकिन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 3 डी प्रिंटिंग के लिए अहा3डी की स्थापना की गई। आरयूजे ग्रुप की ओर से डेयरी उत्पाद बनाने के लिए रूफिल का गठन किया गया। इसके अलावा ग्रुप की ओर से इलेक्टि्रकल असेंबली यूनिट इलेकॉन, एक मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल, फर्नीचर फैक्ट्री का संचालन किया जाता है।