ट्रिपलआईटी नया रायपुर ने वर्ष 2025 की प्लेसमेंट रिपोर्ट जारी कर दी है। इसमें सीएस के छात्र आयुष्मान त्रिपाठी ने 1.20 करोड़ रुपए सालाना का पैकेज हासिल किया है। आयुष्मान को अमरीका की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी ट्रेड डेस्क से जॉब ऑफर हुई है। वे उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और अभी इंटर्नशिप कर रहे हैं। इस साल बी.टेक और एम.टेक के 60 से अधिक छात्रों को ऑन और ऑफ कैंपस माध्यम से नामी कंपनियों में नियुक्ति मिली है। संस्थान का औसत सीटीसी 18.90 लाख रुपए प्रति वर्ष और मीडियन सीटीसी 14.50 लाख रहा। प्लेसमेंट इंचार्ज अमित अग्रवाल ने कहा कि यह परिणाम संस्थान द्वारा इंडस्ट्री फोकस्ड स्किलिंग के प्रयासों का नतीजा है। इस वर्ष लोकल ऐप, इंड मनी, कैडेंस डिजाइन, एनएक्सपी सेमीकंडक्टर, स्विगी, कैशिफाई, एको जनरल इंश्योरेंस जैसी कंपनियों ने पहली बार संस्थान में कैंपस ड्राइव किया। प्लेसमेंट सेल के मुताबिक, कई कंपनियां जो पिछले वर्षों में चयन कर चुकी हैं वे इस बार दोबारा लौटीं।