
Bhumi Pednekar Gets Harvard Degree: फिल्म या खेल जगत की हस्तियां कई बार वर्क/प्रोजेक्ट्स के कारण अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ देते हैं। फिर उनकी पढ़ाई पूरी नहीं हो पाती है। हालांकि, कुछ ऐसे उदाहरण भी हैं जो फेमस होने के बाद अपनी पढ़ाई पूरी करते हैं या कोई नया कोर्स सीखते हैं। कुछ ऐसा ही हाल है भूमि पेडनेकर का जो अब तक 5-5 सुपरहिट फिल्में दे चुकी हैं। करियर में सक्सेसफुल होने के बावजूद एक्ट्रेस को पढ़ना और डिग्री हासिल करना इतना जरूरी लगा कि वे हार्वर्ड केनेडी स्कूल पहुंच गईं।
दरअसल, हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने इंस्टग्राम अकाउंट से कुछ तसवीरें साझा की, जिसमें वे अपने हाथ में सर्टिफिकेट लिए खड़ी हैं। उन्होंने अपने क्लासरूम, लाइब्रेरी, प्रोफेसर की तसवीरें भी साझा की। एक्ट्रेस ने करीब 14 फोटोज साझा की हैं और सभी के लिए अलग-अलग कैप्शन लिखा।
भूमि पेडनेकर ने अमेरिका के मैसाचुसेट्स में हार्वर्ड केनेडी स्कूल में ‘लीडरशिप, ग्लोबल पॉलिसी और लाइफ’ पर एक कोर्स पूरा कर किया है। उन्होंने लिखा, “मुझे कोर्स पूरा करने के लिए सर्टिफिकेट मिला है। वापस स्कूल जाना मजेदार और चुनौतीपूर्ण था। गणित अभी भी मेरे बस की बात नहीं है।” सोशल मीडिया यूजर्स ने एक्ट्रेस की जमकर तारीफ की।
भूमि पेडनेकर ने 25 साल की उम्र में बॉलीवुड में कदम रखा था। उनकी पहली फिल्म थी ‘दम लगा के हईशा’ जोकि सुपरहिट रही थी। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक कई फिल्मों में काम किया। भूमि पेडनेकर की अन्य हिट फिल्मों में ‘शुभ मंगल सावधान’ और ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ जैसी फिल्में शामिल हैं। अभी एक्ट्रेस अर्जुन कपूर और राकुल प्रीत के साथ फिल्म Mere Husband Ki Biwi में नजर आने वाली हैं।
भूमि पेडनेकर अकेली नहीं हैं जिन्होंन करियर से थोड़ा ब्रेक लेकर या समय निकालकर नई डिग्री हासिल की हो या अपनी पढ़ाई पूरी की हो। ऐसे और भी बॉलीवुड सितारे हैं, जिनमें शाहरुख खान और साउथ और बॉलीवुड फिल्मों के दिग्गज अभिनेता कमल हसन भी शामिल हैं। शाहरुख खान ने दिल्ली विश्वविद्यालय (Delhi University) के हंसराज कॉलेज से 1988 में बीए ऑनर्स की डिग्री हासिल की थी। लेकिन इसके बाद वे अपनी मास्टर्स की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए। कई सालों बाद 2016 में उन्होंने DU से अपनी डिग्री हासिल की। यही नहीं शाहरुख को लंदन विश्वविद्यालय और एडिनबर्ग विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की मानद उपाधि भी मिली। बात करें कमल हसन की तो कहा जाता है कि इस उम्र में भी वे नई तकनीक सीखने में सबसे आगे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 69 वर्षीय एक्टर ने हाल ही में अमेरिका के एक टॉप इंस्टिट्यूट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की पढ़ाई के लिए 90 दिन का एक कोर्स ज्वॉइन किया।
Updated on:
17 Mar 2025, 2:14 PM IST
Published on:
17 Mar 2025, 12:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.