Bihar BEd CET Counselling 2025: बिहार में दो वर्षीय बीएड और शिक्षा शास्त्री पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए आयोजित सीईटी-बीएड 2025 की प्रथम आवंटन सूची शुक्रवार को जारी कर दी गई है। परीक्षार्थी आधिकारिक वेबसाइट biharcetbed-lnmu.in पर जाकर लॉग-इन के माध्यम से आवंटित कॉलेज की जानकारी देख सकते हैं और आवंटन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
राज्य नोडल पदाधिकारी प्रो. अशोक कुमार मेहता ने बताया कि इस वर्ष बीएड में कुल 1,15,163 अभ्यर्थी सफल हुए हैं जबकि शिक्षा शास्त्री में 170 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इनमें से बीएड की प्रथम वरीयता सूची के आधार पर 86,021 तथा शिक्षा शास्त्री के 131 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग के लिए पंजीकरण कराया था।
प्रो. मेहता ने बताया कि पहली आवंटन सूची में बीएड के लिए 36,811 और शिक्षा शास्त्री के लिए 87 अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटित किए गए हैं।
सभी संबंधित कॉलेजों की कट-ऑफ लिस्ट भी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। अभ्यर्थियों को सीट की पुष्टि (सीट कन्फर्मेशन) के लिए 5 से 15 जुलाई तक 3,000 रुपये शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। इसके बाद 16 जुलाई तक अभ्यर्थी अपने आवंटित कॉलेज में सभी जरूरी डाक्यूमेंट्स की जांच कराकर नामांकन करा सकते हैं।
अगर कोई अभ्यर्थी प्रथम सूची के तहत आवंटित संस्थान में समय पर नामांकन नहीं कराता है तो उसकी सीट पर दावा स्वतः समाप्त हो जाएगा।
राज्य के 14 विश्वविद्यालयों के 339 बीएड कॉलेजों में इस बार कुल 37,150 सीटें हैं जिनमें से 100 सीटें शिक्षा शास्त्री के लिए आरक्षित हैं। अलग-अलग विश्वविद्यालयों में सीटों का विवरण इस प्रकार है।
क्रमांक | विश्वविद्यालय का नाम | कॉलेजों की संख्या | सीटों की संख्या |
---|---|---|---|
1 | मौलाना मजहरूल हक अरबी-फारसी विवि, पटना | 32 | 3,200 |
2 | पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना | 55 | 6,350 |
3 | पूर्णिया विश्वविद्यालय | 10 | 1,100 |
4 | टी.एम.बी. विश्वविद्यालय, भागलपुर | 15 | 1,600 |
5 | वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा | 20 | 2,350 |
6 | बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर | 57 | 6,150 |
7 | मगध विश्वविद्यालय | 48 | 6,000 |
8 | ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा | 33 | 3,750 |
9 | जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा | 15 | 1,500 |
10 | बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा | 12 | 1,250 |
11 | आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी, पटना | 33 | 3,000 |
शिक्षा शास्त्री की 100 सीटें केवल कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में हैं।
प्रो. मेहता ने बताया कि इस बार पारदर्शिता के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। नामांकन के समय अभ्यर्थियों को अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी साथ लानी होगी। उसी पर भेजे गए ओटीपी से पहचान सत्यापन किया जाएगा।
कॉलेज आवंटन पत्र
सीईटी-बीएड का एडमिट कार्ड
3,000 रुपये की भुगतान रसीद
सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र व अंक पत्र (मैट्रिक से ऊपर तक)
सीएलसी (कॉलेज लिविंग सर्टिफिकेट)
4 पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ
(यदि लागू हो तो) आवासीय, जाति, ईडब्ल्यूएस व पीडब्ल्यूडी प्रमाणपत्र
इस बार की प्रक्रिया में पारदर्शिता और तकनीकी सुधार को प्राथमिकता दी गई है। जो अभ्यर्थी पहली सूची में स्थान नहीं पा सके हैं वे आगामी चरणों का इंतजार कर सकते हैं।
Published on:
05 Jul 2025 01:54 pm