
JAC Admit Card 2026(Image-Frreepik)
Jharkhand Board Exams: झारखंड के लाखों छात्रों के लिए बोर्ड परीक्षा की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इसी बीच झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। बोर्ड की ओर से यह एडमिट कार्ड आधिकारिक पोर्टल jacexamportal.in पर अपलोड किए गए हैं। हालांकि, छात्रों को यह बात समझनी होगी कि वे खुद वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर सकते। बोर्ड ने इसकी जिम्मेदारी सीधे स्कूलों को दी है। यानी हर छात्र को अपना एडमिट कार्ड अपने ही स्कूल से लेना होगा।
बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, एडमिट कार्ड केवल स्कूल के प्राचार्य या संस्थान प्रमुख ही डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करना होगा। डाउनलोड के बाद एडमिट कार्ड पर स्कूल की मुहर और प्रिंसिपल के हस्ताक्षर होंगे, तभी वह मान्य माना जाएगा। इसके बाद ही छात्रों को यह कार्ड दिया जाएगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे देर न करें और समय रहते स्कूल पहुंचकर अपना एडमिट कार्ड ले लें।
झारखंड बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 3 फरवरी 2026 से शुरू होने वाली हैं। इस बार परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली में मैट्रिक की परीक्षा होगी, जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के छात्र परीक्षा देंगे। एडमिट कार्ड में छात्र का नाम, रोल नंबर, परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग टाइम और विषयों की पूरी जानकारी दी गई है। बोर्ड ने साफ किया है कि बिना एडमिट कार्ड के किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
Published on:
19 Jan 2026 12:29 pm

