
Engineering College In Bihar
Engineering College In Bihar: बिहार से इंजीनियरिंग करने वाले छात्रों के लिए शानदार खबर सामने आई है। बिहार सरकार इस साल राज्य के लगभग छह इंजीनियरिंग कॉलेजों में M.Tech (पीजी) कोर्स की शुरुआत करने जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विज्ञान प्रौद्योगिकी और तकनीकी शिक्षा विभाग ने इसके लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। फिलहाल राज्य के 38 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में से 10 कॉलेजों में ही विभिन्न कोर्सों में एमटेक की पढ़ाई हो रही है। बाकी कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से पीजी कोर्स शुरू करने की योजना बनाई गई है।
एमटेक कोर्स शुरू होने से बीटेक पास छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाने की आवश्यकता कम होगी। वर्तमान में हर साल राज्य के इंजीनियरिंग कॉलेजों में करीब 11 से 12 हजार छात्र नामांकन लेते हैं, जिनमें से करीब 80-85 प्रतिशत छात्र बीटेक पूरा करते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इन छात्रों में से लगभग 30 प्रतिशत एमटेक की पढ़ाई के लिए बिहार से बाहर जाते हैं। विभाग ने सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों को AICTE((All India Council for Technical Education) से पीजी कोर्स की मान्यता प्राप्त करने के लिए आवेदन करने को कहा है। इसके साथ ही शिक्षकों की नियुक्ति और आवश्यक व्यवस्था को भी तैयार किया जा रहा है।
विज्ञान व तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह के अनुसार, इस शैक्षणिक सत्र से आधा दर्जन कॉलेजों में एमटेक की शुरुआत करने का लक्ष्य है। आगे चलकर सभी कॉलेजों में यह व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके लिए मुकम्मल तैयारियां की जा रही हैं।
Updated on:
5 Apr 2025, 11:08 AM IST
Published on:
5 Apr 2025, 9:14 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.