वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू) के ११वें दीक्षांत समारोह के निमंत्रण पत्र तो छपकर आ गए, लेकिन छात्रों को बांटे जाने वाली उपाधियां अब तक नहीं छप सकी है। ठेका फर्म ने पांच बार डिग्रियों के नमूने विवि को भेजे, लेकिन एक बार भी मानकों पर खरे नहीं उतरे। आनन-फानन में विवि प्रशासन ने पहला टेंडर रद्द कर दूसरी फर्म को काम सौंपा है। वीएमओयू ने १० फरवरी को करीब २७ हजार डिग्री, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट छापने के लिए ३.५० लाख रुपए का टेंडर निकाला था। करीब एक पखवाड़े बाद टेंडर खुलने पर दिल्ली की फर्म डीआईपीएस टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड की बिड सबसे कम आई और उसे छपाई की जिम्मेदारी सौंप दी गई। इस फर्म ने छह महीने में ४ बार विवि प्रशासन को डिग्रियों के नमूने भेजे, लेकिन छपाई में बार-बार खामियां आने के कारण परीक्षा नियंत्रक की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने इन्हें खारिज कर दिया।