
Samarth Mahangade Paragliding Video
Samarth Mahangade Video: एक कॉलेज छात्र की अनोखी सूझबूझ और तेजी से लिया गया फैसला चर्चा का विषय बन गया है। महाराष्ट्र के पासरानी गांव के बीकॉम फर्स्ट ईयर के छात्र समर्थ महांगडे(Samarth Mahangade) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, समर्थ महांगडे बीकॉम फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट है। वह महाराष्ट्र के वाई तालुका के पासरानी गांव का रहने वाला है। परीक्षा वाले दिन समर्थ पंचगनी में मौजूद था। उसे यह जानकारी नहीं थी कि पहले स्थगित की गई परीक्षा उसी दिन होनी थी। उसके दोस्त ने कॉल कर जब यह बताया कि परीक्षा निर्धारित समय पर हो रही है, तो समर्थ के होश उड़ गए।
उस समय समर्थ पंचगनी के पास हैरिसन फॉली व्यूपॉइंट पर गन्ने का रस बेच रहा था। परीक्षा केंद्र, जो उसके गांव में था, वहां तक पहुंचने के लिए उसे लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तय करनी थी, लेकिन ट्रैफिक के कारण समय पर पहुंचना मुश्किल लग रहा था। तभी उसे पैराग्लाइडिंग का विकल्प नजर आया। समर्थ ने वहां मौजूद पैराग्लाइडिंग ट्रेनर गोविंद येवले से मदद मांगी। समर्थ से बात करने के बाद गोविंद ने फौरन अपने पैराग्लाइडर को बुलाया और समर्थ को हार्नेस पहनाकर उड़ान भरवा दी। मात्र 5 मिनट के भीतर वह परीक्षा केंद्र के पास पहुंच गया।
समर्थ के कॉलेज पहुंचने से पहले उसका दोस्त घर से हॉल टिकट और पेन लेकर परीक्षा केंद्र पहुंच चुका था। समर्थ को स्कूल के मैदान में सुरक्षित उतारा गया, और जब वह परीक्षा हॉल में पहुंचा, तो ठीक उसी समय प्रश्न पत्र बांटे जा रहे थे। उसे प्रवेश की अनुमति मिल गई और वह परीक्षा में शामिल हो सका। समर्थ के इस सूझबूझ की चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है। उसका वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है। जिसे इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर देखा जा सकता है।
Published on:
17 Feb 2025 01:43 pm
बड़ी खबरें
View Allशिक्षा
ट्रेंडिंग
